बरेली: शराब फैक्ट्री का पानी लोगों के लिए बना मुसीबत, दुर्गंध से जीना हुआ मुश्किल
बरेली/सीबीगंज, अमृत विचार। रामपुर रोड किनारे भरा शराब फैक्ट्री का पानी लोहिया बिहार कॉलोनी वासियों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। पानी से निकलने वाली दुर्गंध से कॉलोनी वासियों का जीना मुहाल है। उन्होंने इसकी शिकायत जिलाधिकारी एवं वन मंत्री से भी की है।
सीबीगंज थाने के सामने बीडीए की लोहिया बिहार आवास योजना कॉलोनी बनी हुई है। कॉलोनी के पास ही सुपीरियर इंडस्ट्रीज शराब फैक्ट्री स्थित है कॉलोनी में रहने वाले आरएस लाल एवं पीसी पाठक का कहना है कि सुपीरियर फैक्ट्री से निकलने वाला गंदा पानी फैक्ट्री के पास ही स्थित गड्ढों में भरा हुआ है, बरसात के कारण पानी अधिक भरने से उसमें जहरीले मच्छर पनप रहे हैं।
साथ ही दुर्गंध से कॉलोनी वालों का जीना मुहाल है, उन्होंने बीते दिनों मामले की शिकायत सांसद संतोष गंगवार, वन मंत्री डॉ अरुण कुमार व पर्यावरण अभियंता से की थी, लेकिन उसके बाद भी समस्या का कोई हल नहीं निकला।
कई दिनों से हो रही बरसात के कारण कॉलोनी के आसपास और जलजमाव हो गया। साथ ही जहरीले पानी से आसपास के पेड़ भी सूखते जा रहे हैं। वहीं गुरुवार को हुई व्यापार बंधुओं की मीटिंग में सुपीरियर इंडस्ट्रीज के ट्रक हाइवे पर खड़े करने व उससे लगने वाले जाम को लेकर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के युवा अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई।
जिस पर सीबीगंज पुलिस की ओर से सफाई दी गई थी, कंपनी के एचआर मैनेजर दिनेश मिश्रा से बात कर वहां से ट्रक हटवाए जाएंगे। बता दें, हरिद्वार और गढ़ से जल लेकर आने वाले कांवड़ियों के जत्थे इसी रोड से होते हुए अलखनाथ मंदिर पर जल चढ़ाने जाते हैं, इस कारण रोड पर ट्रक खड़े होने से जाम की स्थिति बनेगी, जिसकी वजह से तमाम लोगों को दिक्कत होगी।
सुपीरियर इंडस्ट्रीज के निदेशक अमित महर्षि ने बताया कि अगर कोई इंक्वायरी सेटअप होगी उसमें सहयोग किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- CBSE: 17 से 10 वीं और 12 वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा होगी शुरू, जानिए डिटेल्स
