बरेली: रुविवि ने प्रवेश नियमावली की जारी, नई शिक्षा नीति के तहत होंगे प्रवेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इस सत्र में 587 कॉलेजों में स्नातक, परास्नातक और वित्तपोषित पाठ्यक्रमों में होंगे प्रवेश

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में सत्र 2023-24 में प्रवेश के संंबंध में नियमावली जारी कर दी गई है। इसी नियमावली के तहत स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा और अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश होंगे।

स्नातक में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय के पोर्टल पर पंजीकरण हो रहे हैं। अभी तक स्नातक में 83446 प्रवेश पंजीकरण हो चुके हैं। विश्वविद्यालय परिसर में भी प्रवेश हो रहे हैं। एलएलबी, एलएलएम और एमएड प्रवेश परीक्षा के फार्म भरे जा रहे हैं। जल्द ही परास्नातक में प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

इस सत्र में भी नई शिक्षा नीति के तहत ही प्रवेश होंगे। इस वर्ष नियमावली में कोई खास बदलाव नहीं किया गया है। प्रवेश नियमावली के तहत सभी कक्षाओं के प्रथम वर्ष में प्रवेश राज्य स्तरीय, विश्वविद्यालय स्तरीय, प्रवेश परीक्षाओं और विश्वविद्यालय स्तरीय केंद्रीयकृत ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली से होंगे।

छात्र को अगली कक्षा में प्रवेश की अनुमति तभी दी जाएगी, जब वह पहले की परीक्षा में उत्तीर्ण हो। बीए, बीएससी, बीकॉम, एलएलबी, बीबीए, बीसीए की परीक्षा अधिकतम 6 वर्ष में, एमए, एमएससी, एलएलएम, एमबीए की चार साल में, बीएससी कृषि, बीटेक, बीई की अधिकतम आठ और बीएएलएलबी की अधिकतम 10 साल में पूरी करनी होगी।

अन्य पाठ्यक्रमों में भी अवधि के दोगुने वर्षों में पाठ्यक्रम पूरा करना अनिवार्य होगा। यूएफएम के छात्रों को उतने वर्ष अधिक मिलेंगे, जितने वर्ष तक वे परीक्षा से वंचित होंगे। एक बार स्नातक उपाधि प्राप्त करने के बाद दोबारा किसी संकाय में उपाधि प्राप्त करने के लिए योग्य होगा।

महाविद्यालयों के प्राचार्य और विश्वविद्यालय के कुलपति अनुशासन बनाए रखने के लिए किसी भी अभ्यर्थी के प्रवेश को बिना कारण बताए निरस्त कर सकते हैं। इसके अलावा भी अन्य दिशा-निर्देश भी नियमावली में दिए गए हैं।

भारांक का लाभ लेने के लिए 18 को देने होंगे प्रमाण पत्र
बरेली कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए पंजीकरण हो रहे हैं। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 जुलाई निर्धारित की गई है। कॉलेज की प्रवेश समिति भी फार्मों की गहनता से जांच कर रही है। कई अभ्यर्थियों ने भारांक की मांग की है।

ऐसे अभ्यर्थियों को कॉलेज के सेमिनार कक्ष में 18 जुलाई को अपने मूल प्रमाणपत्र के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की दृष्टि से भारांक से संबंधित प्रमाण पत्रों की संबंधित एजेंसियों से जांच कराई जाएगी।

अब तक पंजीकरण
बीएससी गणित-628, बीएससी जीव विज्ञान-1332, बीकॉम-882, बीए-3100, कुल-5942

यह भी पढ़ें- बरेली: जलाकर हत्या करने के मामले में सुनाई सजा, आरोपी पति को उम्रकैद, सास बरी

संबंधित समाचार