रायबरेली: सिपाही ने युवती के साथ किया दुष्कर्म, निलंबन की हुई संस्तुति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सलोन, रायबरेली, अमृत विचार। सलोन कोतवाली में तैनात सिपाही पर युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप है कि सिपाही ने नशीला पदार्थ खिलाकर युवती से दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया था। वहीं शादी करने से भी इंकार कर दिया। अंबेडकरनगर की रहने वाली युवती ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की थी।

इस पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी सिपाही के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। फिलहाल मामले में दुष्कर्म का आरोपी सिपाही छुट्टी से गैर हाजिर चल रहा है। वहीं विभाग ने निलंबन की कार्रवाई की संस्तुति की है। 

डेढ़ वर्ष पूर्व सुमित शुक्ला (काल्पनिक नाम) सिपाही की तैनाती सलोन कोतवाली में हुई थी। सिपाही इससे पूर्व अयोध्या में तैनात था। सिपाही पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी को बताया कि भदोही के तुलसी पट्टी सीतामढ़ी कोइराना निवासी आरोपी सिपाही के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने आई है। पीड़िता के मुताबिक वह मूलतः फूलपुर थाना इब्राहिमपुर थाना अंबेडकर नगर की रहने वाली है। सिपाही से उसकी मुलाकात फेसबुक चैट के माध्यम से वर्ष 2019 में हुई थी।

पीड़िता के मुताबिक सिपाही ने उसे अयोध्या बुलाया और घुमाने ले गया। इसी बीच सिपाही का तबादला रायबरेली जनपद में हो गया। पीड़िता के मुताबिक 13 सितंबर 2020 को आरोपित सिपाही ने उसे रायबरेली बुलाया फिर एक होटल में ले गया। यहां उसने प्रसाद के बहाने कोई नशीला पदार्थ खिला दिया।जिससे  वह बेहोश हो गई। इसके बाद अश्लील वीडियो बनाकर दुष्कर्म किया गया।

वहीं पीड़िता का दावा है कि जब उसे सिपाही द्वारा किये गए कृत्य की जानकारी हुई तो उसने विरोध किया।लेकिन सिपाही शादी करने की बात कहकर बार-बार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता का कहना है कि शादी का दबाव बनाने पर सिपाही ने इनकार कर दिया।

वहीं जब वह आरोपित सिपाही के घर गई तो उसके भाई द्वारा भी अभद्रता की गई। पुलिस अधीक्षक ने घटना को गम्भीरता से लेते हुए युवती की तहरीर पर सिपाही के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दे दिया। क्षेत्राधिकारी अमित सिंह का कहना है कि युवती की तहरीर पर आरोपी सिपाही के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है।

सिपाही के निलंबन की संस्तुस्ति विभाग को भेजी जा चुकी है। कोतवाल नारायण कुशवाहा ने बताया कि दो जुलाई के करीब सिपाही छुट्टी लेकर घर गया था। तब से गैर हाजिर चल रहा है। घटना की जांच एसएसआई नरेंद्र सिंह को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें:-खुलासा: 20 साल से बिना 33 हजार केवीए लाइन के चल रहा चौक उपकेन्द्र

संबंधित समाचार