Kanpur News: पैसा मुझे नहीं, बाहर खड़े मेरे साथी को दो… ले रहे थे घूस, एंटी करप्शन टीम ने जेई समेत दो को दबोचा
कानपुर में पांच हजार घूस लेते जेई समेत दो को एंटी करप्शन ने किया गिरफ्तार।
कानपुर में पांच हजार घूस लेते जेई समेत दो को एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार कर लिया। बिजली बिल सही कराने पर व्यापारी से 20 हजार रूपये मांगे थे।
कानपुर, अमृत विचार। बिजली का बिल सही कराने के नाम पर घूस लेना जेई को महंगा पड़ गया। बंद पड़े मकान में 56 हजार का बिल आने पर कारोबारी बिल सही कराने के लिए कई महीने से बिजली विभाग के चक्कर काट रहा था। बिल सही करने के नाम पर जेई 20 हजार रूपयों की मांग कर रहे थे, जिसकी शिकायत कारोबारी ने एंटी करप्शन से की। शुक्रवार को पांच हजार की रिश्वत लेते हुए टीम ने जेई व सविंदा कर्मी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
साकेत नगर निवासी सुधीर चंद्र द्विवेदी प्रिंटिंग प्रेस कारोबारी है। प्रिंटिंग प्रेस के बगल में ही उनका एक मकान है, जो बंद रहता है। कारोबारी ने बताया कि अप्रैल 2021 को उनके बंद मकान का 5600 रूपये बिल आने पर बिजली विभाग ने उनका मीटर काट दिया था। कारोबारी ने बताया कि मीटर कटने के दो वर्ष बाद उनका 56 हजार का बिजली का बिल आ गया, जिसकी शिकायत उन्होंने किदवई नगर के ब्लॉक स्थित सबस्टेशन में तैनात जेई अंकित मिश्रा से की।
उन्होंने बताया कि पिछले ढ़ाई माह से वह बिजली का बिल सही कराने को लेकर विभाग के चक्कर काट रहे थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। 15 दिन पूर्व वह दोबारा जेई अंकित मिश्रा के पास पहुंचे तो उन्होंने बिल सही कराने के नाम पर 20 हजार रूपये रिश्वत की मांग की। पैसे न देने पर ऐसे ही चक्कर काटने की बात कही। करीब एक सप्ताह पूर्व उन्होंने मामले की शिकायत एंटी करप्शन के प्रभारी निरीक्षक जेएस सिंह से की।
पैसा मुझे नहीं, बाहर खड़े मेरे साथी को दो
एंटी करप्शन टीम से शुक्रवार को कारोबारी को पांच हजार रूपयों में फिलैन्थीन पाउडर लगाकर कारोबारी को बिजली सबस्टेशन पर भेजा। जिसके बाद टीम में शामिल एक दर्जन कर्मचारियों ने सबस्टेशन पर डेरा जमा लिया। कारोबारी सुधीर ने जेई अंकित मिश्रा के पास पांच हजार रूपये देने पहुंचे तो जेई ने कहा कि पैसा मुझे नहीं, बाहर खड़े मेरे साथी को दो। जिसके बाद कारोबारी ने सबस्टेशन के बाहर मौजूद मछरिया निवासी संविदा कर्मी मो.राशिद को पैसे दिए। मो.राशिद ने कारोबारी से घूस लेने के बाद जेई को जैसे ही रूपये सौंपे तो मौके पर मौजूद एंटी करप्शन की टीम ने जेई व संविदा कर्मी को गिरफ्तार किया।
