अयोध्या : सीआरपीएफ जवानों ने राजघाट पर किया पौधरोपण
अयोध्या, अमृत विचार। शुक्रवार को सीआरपीएफ की ओर से रामनगरी के राजघाट पार्क में पौधरोपण किया गया। पौधरोपण में केंद्रीय बल के पुरुष व महिला जवान शामिल रहे।
पौधरोपण के पूर्व केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों को संबोधित करते हुए बटालियन के कमांडेन्ट छोटे लाल ने कहा कि प्रकृति ने हमको जीवन के लिए आवश्यक अमूल्य सम्पदाएं जैसे जल, हवा आदि भेंट की है। हम सभी का कर्तव्य है कि हम इन अमूल्य सम्पदाओं के उपभोग के साथ-साथ इनका संरक्षण भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बल के जवान अपनी ड्यूटी से साथ नैतिक व मानवीय जिम्मेदारियो के प्रति सजगता व प्रतिवद्धता के लिए प्रति वर्ष पौधरोपण करते हैं।
कार्यक्रम के तहत 63 बटालियन नवीन मंडी शिविर के पुरुष जवानों व अधिकारियों तथा 233 बटालियन अयोध्या की महिला जवान शामिल रहीं और अलग-अलग प्रजाति के 511 फलदार तथा छायादार पौधो को रोपित किया गया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी सरकार राजा रमन, उप कमांडेंट अजय कुमार, महिला निरीक्षक उषा समेत अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज : घर का ताला तोड़कर नकदी-जेवर समेत लाखों की चोरी
