Banda News: घूस लेते वीडियो वायरल होने पर लेखपाल निलंबित, तहसीलदार बोले- मामले की हो रही जांच
बांदा में घूस लेते वीडियो वायरल होने पर लेखपाल निलंबित।
बांदा में घूस लेते वीडियो वायरल होने पर लेखपाल को निलंबित कर दिया गया। बबेरू एसडीएम ने मामले का संज्ञान लिया।
बांदा, अमृत विचार। सरकारी कागज बनाने के नाम पर लेखपाल ने संबंधित व्यक्ति से घूस ली। इसका वीडियो भी वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई प्रशासनिक मशीनरी ने तत्काल प्रभाव से लेखपाल को निलंबित कर दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर, वीडियो वायरल होने से अन्य लेखपालों में भी खलबली मची हुई है।
मामला बबेरू तहसील का है। वहां तैनात लेखपाल ब्रजनंदन सिंह कागजों में दस्तखत या फिर अन्य अभिलेख बनाने के नाम पर रुपयों की मांग करते थे। रुपया न देने पर संबंधित व्यक्ति के कागजात भी फेंक दिए जाते थे। लेखपाल की इन हरकतों से तहसील आने वाले लोग खासे परेशान थे। इसी बीच एक व्यक्ति अपने सरकारी कागज बनवाने के लिए तहसील पहुंचा। लेखपाल ने उससे रुपयों की डिमांड की। संबंधित व्यक्ति ने लेखपाल को रुपया तो दिया, लेकिन उसने इसका वीडियो भी बना लिया। वीडियो बनाने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
वीडियो वायरल होते ही सरकारी मशीनरी हरकत में आ गई। इतना ही नहीं जिले के अन्य लेखपालों में भी खलबली मच गई। उन्होंने भी सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी बबेरू रावेंद्र सिंह से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ था। तहसीलदार बबेरू अभिनव तिवारी ने बताया कि वायरल वीडियो के मुताबिक लेखपाल ब्रजनंदन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
