बरेली सीट छोड़ें 75 पार उम्र वाले, अब किसी युवा को मिले टिकट- राजेश अग्रवाल
भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने संतोष काे नाम लिए बगैर सवालों में घेरा, विकास को लेकर किए तीखे प्रहार
बरेली, अमृत विचार। भाजपा में 75 पार के चेहरों को लोकसभा चुनाव- 2024 से हटाने की चर्चा के बीच अब पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और यूपी के पूर्व वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल ने भी बरेली सीट से किसी युवा काे टिकट देने की वकालत की है। शुक्रवार को मीडिया के सामने उन्होंने आठ बार सांसद रहे संतोष गंगवार का नाम लिए बिना उनकी उम्र को इसका आधार बनाने के साथ कई तीखे प्रहार भी किए। बरेली में विकास की रफ्तार थमने की बात कहते हुए सवाल खड़ा किया कि केंद्र सरकार विकास के लिए बहुत मोटा धन दे रही है, वह कहां जा रहा है। फिर बोले, यह हम सब जानते हैं।
रामपुर बाग में अपने आवास पर लंबे समय बाद बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजेश अग्रवाल ने कहा कि पार्टी के नियमों के मुताबिक उन्होंने 75 साल की आयु पूरी होने के बाद नैतिकता के आधार पर वित्त मंत्री के पद से त्यागपत्र दे दिया था। उन्होंने सलाह दी कि इसी तरह 75 साल की उम्र पार करने वाले दूसरे जनप्रतिनिधियों को भी नैतिकता के आधार पर सीट छोड़ देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बरेली से किसी युवा को लोकसभा में भेजने के लिए लोगों को आगे आने की जरूरत है।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि अब बड़ी रेखा खींचने का उचित समय आ गया है। बरेली के जनप्रतिनिधियों का नाम लिए बिना कहा कि बरेली के विकास के लिए दूसरा एक्सप्रेस वे बनाने पर विचार करें। आने वाला वक्त युवा पीढ़ी का है। युवाओं को आगे बढ़ाकर सक्रिय रूप से चुनावी प्रकिया में लाने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें- बरेली: ओपीडी में नहीं हो रही मरीजों की मलेरिया जांचें, अब तक 350 आ चुके मामले
