हरदोई: 3446 परिषदीय स्कूलों के हजारों बच्चे लगाएंगे पौधे 17 से 22 जुलाई तक मनाया जाएगा वन महोत्सव
हरदोई। 17 से 22 जुलाई तक मनाए जाने वाले वन महोत्सव में ज़िले के 3446 परिषदीय स्कूलों के हज़ारों बच्चे अपने हाथों से पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के लिए पौधे लगाएंगे। इसके लिए शिक्षा निदेशक ने बीएसए को वन महोत्सव मनाने और उसकी तैयारियों के सिलसिले में दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
बताते हैं कि समूचे प्रदेश में 17 से 22 जुलाई तक वन महोत्सव और जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। इसके लिए शिक्षा निदेशक की तरफ से बीएसए को दिशा-निर्देश जारी किए है। जिसमें कहा गया है कि पौधरोपण करते समय पेड़ों के साथ सेल्फी ली जाएगी और उसे सुरक्षित रखेगें। इसके अलावा छह महीने बाद फिर पेड़ों के साथ सेल्फी लेकर बीएसए को भेजना होगा। सेल्फी सुरक्षित रखी जाएगी जब तक रोपित पौधे साल भर से अधिक नहीं हो जाते।
उन्होंने आम, नीबू, सहजन, अमरूद, जामुन, आंवला आदि के पौधे रोपित किए जाने के निर्देश दिए है। बता दें कि ज़िले में 3446 परिषदीय स्कूल है। जिसमें से 2419 प्राथमिक,620 उच्च प्राथमिक और 407 संविलियन स्कूल है। शिक्षा निदेशक ने वन महोत्सव की तैयारियों के सिलसिले में गाइडलाइन भी जारी की है।
वन महोत्सव की कैसी होगी सूरत
हरदोई। वन महोत्सव के तहत 17 जुलाई को प्रभात फेरी निकाली जाएगी और शपथ ली जाएगी। 18 जुलाई को जन-जागरुकता के तहत निबंध, पेंटिग, वाद विवाद प्रतियोगिताएं होंगी।19 को वन संरक्षण पर नाटक, 20 को शिक्षक और कर्मचारियों द्वारा पौधरोपण, 21 को अभिभावकों के साथ बैठक आदि के निर्देश दिए गए हैं। 22 जुलाई को सम्पूर्ण दिवस वन महोत्सव में सहभागिता रहेगी।
प्रधानाध्यापक को सौंपी गई ज़िम्मेदारी
हरदोई। वन महोत्सव को ले कर शिक्षा निदेशक ने जो दिशा-निर्देश जारी किए हैं, उनके मुताबिक परिषदीय स्कूलों के प्रधानाध्यापकों और इंचार्ज प्रधानाध्यापको को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही कहा गया है कि अभियान के तहत स्कूल अपनी ओर से भी कार्यक्रम भी कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें:-स्वामी प्रसाद मौर्य का आरोप- भाजपा आजम खान को मरवाना चाहती है
