Hamirpur News : प्लांट कर्मी ने बेतवा नदी में लगाई छलांग, पुल में खड़ी मिली स्कूटी, गोताखोर कर रहे तलाश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर में युवक ने बेतवा नदी में छलांग लगाई।

हमीरपुर में युवक ने बेतवा नदी में छलांग लगा दी। पुल के पास से युवक की स्कूटी मिली। गोताखोर युवक की तलाश कर रहे है।

हमीरपुर, अमृत विचार। बेतवा नदी के कानपुर सागर हाईवे स्थित पुल से शुक्रवार रात कानपुर के नौबस्ता निवासी नेवली पावर प्लांट के कर्मी ने छलांग लगा दी। सुबह पुल की कोठी पांच में उसकी स्कूटी मिली। पुलिस ने स्कूटी के नंबर के आधार पर कर्मी के परिजनों को सूचना दी। साथ ही गोताखोरों की मदद से तलाश जारी है अभी उसका पता नहीं लग सका है।

कानपुर नगर के नौबस्ता निवासी रिटायर्ड सूबेदार बालकिशोर अवस्थी का पुत्र नितिन (25) थाना सजेती क्षेत्र के नेवली पावर प्लांट में काम करता है। वह रोजना कानपुर से आता जाता है। तड़के बेतवा नदी के पुल पर नितिन की स्कूटी बरामद हुई। जिस पर पुलिस ने स्कूटी के नंबर के आधार पर खोजबीन कर घर वालों को सूचना दी।

परिजनों से पता चला कि नितिन शुक्रवार की शाम को खाना खाने के बाद स्कूटी लेकर निकल गया था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर उससे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल नहीं लग रहा था। चचेरे भाई राधेश्याम ने बताया कि शनिवार को नितिन की बड़ी बेटी अदिति का जन्मदिन है। इसकी तैयारियां घर में चल रही हैं।

नितिन ने एक दिन का अवकाश भी लिया था। 18 जुलाई को परिवार सहित मैहर माता (मप्र) जाने के लिए रिजर्वेशन भी कराया था। नितिन के दो बेटियां चाहत व अदिति हैं। इस घटना से नितिन के परिजनों में चीख-पुकार मच गई है। पुलिस गोताखोरों की मदद से नितिन की खोजबीन में जुटी है। नदी में पानी बढ़ने से उसकी खोज में दिक्कत आ रही है।

संबंधित समाचार