Chitrakoot Accident : तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, लोगों ने ब्रेकर बनवाने की मांग
चित्रकूट में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से साइकिल सवार की मौत।
चित्रकूट में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। लोगों ने मार्ग पर संकेतक लगवाने के साथ ब्रेकर बनवाने की मांग की।
चित्रकूट, अमृत विचार। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अहिरी गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से साइकिल सवार ग्रामीण गंभीर घायल हो गया। प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में उसकी सांसें थम गईं। लोगों ने रास्ते पर संकेतक और ब्रेकर बनवाने की आवश्यकता बताई है। शुक्रवार देर शाम मटियारा निवासी राजेंद्र प्रसाद (35) उर्फ कंजा पुत्र बद्री प्रसाद मऊ से साइकिल लेकर गांव जा रहा था।
बताते हैं कि अहिरी के पास तेज रफ़्तार पिकअप पर चालक नियंत्रण खो बैठा और इसने साइकिल को टक्कर मार दी। इससे राजेंद्र के सिर पर चोट आई। घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्रयागराज रिफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। थाना मऊ प्रभारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि पिकअप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि सुरौधा से लेकर मऊ पेट्रोल पंप तक तीन माह में एक दर्जन से अधिक छोटी बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीण बताते हैं कि इस मार्ग पर न तो कोई साइन बोर्ड है न कोई ब्रेकर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मऊ और अहिरी सीमा पर एक छोटी नदी है जिसमें दोनों ओर ढ़लान के साथ साथ मोड़ भी है।
यहां तेज रफ़्तार गाड़ियां अक्सर अनियंत्रित हो जाती हैं। राहुल श्रीवास्तव, सुदेश श्रीवास्तव, गोलू द्विवेदी, नरेंद्र खरे, अजय द्विवेदी, सुधांशु द्विवेदी, संकल्प त्रिपाठी, आकाश शुक्ला आदि क्षेत्र के लोग अहिरी मऊ सीमा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व महामति डिग्री कॉलेज के साथ साथ पेट्रोल पंप के पास ब्रेकर बनवाए जाने की लंबे अरसे से मांग करते आ रहे हैं।
