बरेली: सूफी टोला में एलटी लाइन टूटकर गिरी, कई लोग चपेट में आने से बचे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चार घंटे बाद लाइन जोड़कर कर्मचारियों ने सुचारू की बिजली आपूर्ति

फोटो- सूफी टोला में टूटे हुए तार को ठीक करते कर्मचारी।

बरेली, अमृत विचार। शहर में जर्जर बिजली लाइनों से कई हादसे होने के बाद भी अफसर नहीं चेत रहे। अब शनिवार दोपहर सूफी टोला में एलटी लाइन टूटकर सड़क पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से कई लोग बचे। हादसे के बाद क्षेत्र के सैकड़ों घरों की बिजली चार घंटे तक गुल रही। इसके अलावा सिविल लाइंस, कुतुबखाना और सुभाषनगर इलाके में भी पूरे दिन ट्रिपिंग और कटौती से लोग परेशान रहे।

स्मार्ट सिटी योजना में शामिल शहर में जगह-जगह पर खुले में ट्रांसफार्मर रखे हैं। बिजली के तार भी नीचे लटक रहे हैं। पिछले दिनों ट्रांसफार्मर से उतरे करंट की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई थी। इसके अलावा नगर निगम की ओर से शहर में लगाए गए फैंसी लाइट के पोल के तार खुले पड़े होने से कई लोग करंट की चपेट में आ चुके है।

शनिवार दोपहर में करीब 12 बजे सूफी टोला में एलटी बंच लाइन टूटकर सड़क पर गिरने से अफरातफरी मच गई। कई लोग इसकी चपेट में आने से बचे। मोहल्लेवालों की सूचना पर कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लाइन जोड़कर आपूर्ति सुचारू की। इस दौरान कटरा चांद खां समेत कई मोहल्लों की बिजली करीब चार घंटे तक गुल रही।

ट्रांसफार्मर में खराबी आने ठप रही सप्लाई
शुक्रवार रात पुराना शहर के मोहल्ला कटरा चांद खां में बालजती स्कूल के पास लगा ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इससे कटरा चांद खां में पूरी रात बिजली गुल रही। शनिवार सुबह कर्मचारियों ने फॉल्ट दूर कर आपूर्ति सुचारू की।

यह भी पढ़ें- बरेली: गाजे-बाजे के साथ निकली बाबा श्री  महाकाल की पालकी शोभायात्रा, गूंजे जयकारे

संबंधित समाचार