रायबरेली: इलाज के लिए नहीं था रुपयों का इंतजाम, घायल किसान की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शिवगढ़, रायबरेली, अमृत विचार। मेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए किसान के इलाज के लिए परिजन रुपयों का इंतजाम कर रहे थे। इस बीच घायल की मौत गई है। मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना क्षेत्र के दुर्गा खेड़ा मजरे बैंती  के रहने वाले 60 वर्षीय कृषक गुरुप्रसाद पुत्र माता प्रसाद बीते मंगलवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे खेत से घर जा रहे थे। तभी मेड़ से फिसल कर गिरने से जख्मी हो गए थे।

जिन्हें परिजनों ने पहले हैदरगढ़ स्थित निजी अस्पताल में दिखाया। उसके पश्चात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला स्तर के लिए रेफर कर दिया था। परिजन राजधानी लखनऊ स्थित डॉ.राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर गए थे। जहां हालत में सुधार न होता देख डाक्टरों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। उसके बाद परिजन शनिवार की शाम घायल को लेकर घर चले आए थे।

परिजन पैसों की व्यवस्था करके उसे रविवार को मेडिकल कालेज के लिए ले जाने वाले थे, किन्तु रात में उसकी मौत हो गई। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की  पत्नी रामरती, बेटे श्यामू, बहू उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल है। कृषक की मौत की सूचना पर उसके घर पहुंचे  जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि केतार पासी ने परिजनों को ढाढस बंधाते हुए हर सम्भव मदद का भरोसा दिया। परिजनों ने बताया कि जांच रिपोर्ट में हड्डियों में फैक्चर पाया गया है।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: संदिग्ध परिस्थितियों में मां-बेटी की मौत से इलाके में मचा हड़कंप

संबंधित समाचार