Hamirpur News : बारिश से कच्चा मकान भरभरा कर गिरा, वृद्ध दंपति मलबे में दबे, हादसे के बाद मची चीख-पुकार
हमीरपुर में बारिश से कच्चा मकान भरभरा कर गिरा।
हमीरपुर के राठ में बारिश से कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। हादसे के बाद लोगों में चीख-पुकार मच गई। जिसमें वृद्ध दंपति मलबे में दबकर घायल हो गए।
हमीरपुर, अमृत विचार। तहसील क्षेत्र के बिगवां गांव में जोरदार बारिश के दौरान एक वृद्ध दंपत्ति का घर भरभरा कर गिर गया। घर गिरने से उसके अंदर मौजूद वृद्ध दंपत्ति मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबे के नीचे दबे वृद्ध दंपत्ति को बाहर निकाला। घर गिरने से रखी गृहस्थी भी पूरी तरह से बर्बाद हो गई। दंपत्ति को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया।
बिगवां गांव निवासी 75 वर्षीय वृद्ध हीरालाल पासवान ने बताया कि वह अपनी 70 वर्षीय पत्नी हल्कीबाई के साथ अपने मकान के अंदर लेटकर आराम कर रहा था। तभी अचानक उसी दौरान हुई मूसलाधार बारिश की वजह से उसका कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। भरभरा कर गिरे हुए मकान के मलबे के नीचे वह और उसकी पत्नी हल्कीबाई दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर पड़ोसियों व ग्रामीणों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला। मूसलाधार बारिश से घर के गिरने से अनाज सहित गृहस्थी का सामान बर्बाद हो गया। वह दाने दाने के लिए मोहताज हो गये हैं।
पीड़ित वृद्ध दंपत्ति ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। मामले में एसडीएम सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लेखपाल अरविंद राजपूत के भेजकर वह मामले की जांच करा रहे हैं। वहीं लेखपाल ने बताया कि मकान गिरने की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। वहीं पीड़ित ने बताया कि उसे राशन कार्ड से ही राशन मिला है। सरकार द्वारा कोई आर्थिक मदद नहीं मिली है।
