अतीक के खास गुर्गे गुड्डू मुस्लिम की गोवा में मिली लोकेशन
प्रयागराज, अमृत विचार। उमेश पाल और उनके दो सुरक्षाकर्मियों की हत्या के मामले में फरार चल रहे पांच लाख रुपये के इनामी आरोपी गुड्डू मुस्लिम की लोकेशन गोवा में मिली है। अतीक के खास गुर्गे गुड्डू मुस्लिम की होटल में ठहरने की आशंका जताई जा रही है। एसटीएफ और पुलिस गुड्डू मुस्लिम की तलाश के लिए गोवा पुलिस से संपर्क साध रही है।
उमेश पाल सहित दो सुरक्षाकर्मियों की हत्याकांड में गुड्डू मुस्लिम, शूटर साबिर और अरमान अभी फरार चल रहे हैं। गुड्डू मुस्लिम की लोकेशन मिलते ही प्रयागराज पुलिस सक्रिय हो गई है। वहीं इनपुट मिलने के बाद पुलिस और एसटीएफ टीम जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी गुड्डू मुस्लिम और माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। शाइस्ता परवीन और गुड्डू मुस्लिम पर यूपी पुलिस पहले ही 5-5 लाख रुपये का इनाम रख चुकी है।
गौरतलब है कि पुलिस और एसटीएफ की टीमों ने अशरफ के साले सद्दाम और पत्नी जैनब फातिमा की तलाश में पुरानी दिल्ली के कई इलाकों में छापेमारी की थी। दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में माफिया अतीक अहमद का फ्लैट है । इस फ्लैट में रहकर अतीक के बेटे उमर ने अपनी पढ़ाई की थी। शाइस्ता को लेकर पुलिस को आशंका है कि वह दिल्ली में कहीं भी छिपी है।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : रामनगरी के आउटर पर ही उतरेंगे भारी वाहनों से आने वाले श्रद्धालु
