Kanpur Dehat: दो नाबालिग बहनें रहस्यमय ढंग से हो गई थी लापता, पुलिस ने सिकंदरा से किया बरामद, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में रहस्यमय ढंग से लापता चचेरी बहनें सिकंदरा से बरामद।

कानपुर देहात में छत पर सो रही दो नाबालिग चचेरी बहनें रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। इस पर पुलिस ने सिंकदरा से दोनों को बरामद कर लिया।

कानपुर देहात, अमृत विचार। राजपुर क्षेत्र के कमलपुर गांव में छत पर सो रही दो चचेरी नाबालिग बहनें रविवार रात रहस्यमय ढंग से लापता हो गईं। जानकारी होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दो टीमें गठित कर किशोरियों को सिकंदरा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक घर से नाराज होकर दोनों चचेरी बहनें चली गई थीं।

कमलपुर गांव निवासी श्रीराम की बेटी नैंसी उर्फ सत्तो (12) व रामनरेश की बेटी पूजा (7) आपस में चचेरी बहने हैं। रविवार को गांव के अशोक राठौर के घर पर तेहरवीं भोज का आयोजन हुआ था। जहां से पूजा व नैंसी दोनों साथ में तेहरवीं भोज के बाद घर की छत पर सोने गई गई। रात में नैंसी की मां मिथलेश छत पर सोने गई तो दोनों किशोरियों को नदारद पाया। जिस पर परिजनों में हड़कंप मच गया गया।

परिजनों ने ग्रामीणों के साथ टार्च लेकर गांव के आसपास तालाब व झाडियों में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर सोमवार भोर पहर नैंसी के पिता श्रीराम ने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी पर राजपुर थानाध्यक्ष देव नारायन द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहंुचे और परिजनों से जानकारी ली। इसके बाद आनन-फानन पुलिस की दो टीमें गठित कर किशोरियों की तलाश में शुरू कराई।

इधर सिकंदरा थाना क्षेत्र के बुधौली गांव मोड़ के समीप एक निजी नलकूप पर किशोरियों को गुमसुम खड़ा देख खेत पर काम कर रहे किसान ने पुलिस को सूचना दी। जिसपर राजपुर थाना के उपनिरीक्षक अभिषेक चौहान ने मौके पर जाकर दोनों किशोरियों को सकुशल बरामद कर लिया और थाने लेकर आए। जहां महिला कांस्टेबल अजंना ने चचेरी बहनों से घर से लापता होने की जानकारी ली। दोनों पुलिस को गोलमोल जवाब देती रही।

उसके बाद पुलिस ने दोनों किशोरियों के परिजनों को बुलाकर सौंप दिया। थानाध्यक्ष देव नारायन द्विवेदी ने बताया कि तेहरवीं भोज में जाने से नाराज नैंसी के पिता ने उसे डांट दिया था। जिससे नाराज होकर नैंसी चचेरी बहन पूजा के साथ घर से पैदल निकल आई थी। हालांकि दोनों किशोरियों रात भर कहां रही। इसका जवाब परिजन और पुलिस दोनों नहीं बता सके।

संबंधित समाचार