मुरादाबाद: वरिष्ठ लिपिक की जेब से 50,000 रुपये उड़ाए, एफआईआर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कटघर थाना क्षेत्र का मामला, पीतलनगरी डिपो में तैनात है लिपिक

मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में रोडवेज के वरिष्ठ लिपिक ई रिक्शा से पीतलनगरी डिपो से आरटीओ ऑफिस की ओर जा रहे थे। तभी बगल में बैठा युवक उनकी पेंट की जेब काटकर पचास हजार रुपये चोरी कर फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे की मदद से जांच शुरू कर दी है।

बिलारी थाना क्षेत्र के बंगालीमाजर निवासी महेंद्रपाल सिंह पीतलनगरी डिपो में वरिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात हैं। उन्होंने तहरीर में बताया कि 4 जुलाई को दोपहर में वह कैशियर से टोल के लिए 1.20 लाख रुपये लेकर निकले थे। जिसमें से 70 हजार रुपये बैग में रखे थे और 50 हजार रुपये पेंट की जेब में थे। कांवड़ यात्रा के कारण रोडवेज बसें ट्रांसपोर्ट नगर से चल रही थी।

 इसलिए वह पीतलनगरी डिपो से ई-रिक्शा से ट्रांसपोर्टनगर तक जा रहे थे। ई-रिक्शा जब पंडित नगला रेलवे फाटक के पास पहुंची तो वहां पहले से खड़े एक युवक को रिक्शा वाले ने उनकी दाई ओर बैठा लिया। मोड से पहले टायर शोरूम के सामने पहुंचने पर बगल में बैठे युवक ने ई-रिक्शा रुकवाया और तेजी से उतर गया और वहां पहले से बाइक लेकर खड़े युवक के साथ पीछे बैठकर निकल गया।

 शक होने पर उन्होंने अपनी जेब चेक की तो वह कट चुकी थी। युवक उनकी जेब से 50 हजार रुपये पार करके फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के मदद से जेबकतरे काे ढूंढने का प्रयास कर रही है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: शुक्रवार तक कांठ रोड होकर बिजनौर-नजीबाबाद-हरिद्वार जाएंगी रोडवेज बसें

संबंधित समाचार