लखनऊ: एक रुपये का छोटा सिक्का वैध, लेने से किया मना तो हो सकती है जेल, जानें क्या कहते हैं नियम
लखनऊ/अमृत विचार। एक रुपये का छोटा सिक्का यूं तो वैध करेंसी है लेकिन लोग इस लेने को तैयार नहीं होते हैं। लोगों के लिए अब यह सिक्का परेशानी का सबब बन रहा है। सिक्का चलन में है, लेकिन दुकानदार सिक्के को लेने को तैयार नहीं होते। ऐसे में उपभोक्ता और कारोबारी के बीच अक्सर तकरार की नौबत आ जाती है।
आरबीआई की तरफ से एक रुपये के सिक्कों को बंद करने को लेकर कोई फरमान नहीं जारी किया गया है। बावजूद इसके लोग इस वैध करेंसी के लेन-देन में आनाकानी बरतते हैं। यही नहीं दस रुपये के सिक्के को लेकर भी आए दिन झड़प होती हैं। ग्राहक जब बिना ''आर'' वाला दस का सिक्का देता है तो उसे भी लोग लेने को तैयार नहीं होते हैं।
ये है नियम, कानून भी है सख्त
अगर कोई भी व्यक्ति आरबीआई द्वारा जारी किए गए सिक्कों को नहीं लेता है तो ऐसी स्थिति में उस व्यक्ति के ऊपर रिपोर्ट तक दर्ज करायी जा सकती है। देश में वैध मुद्रा लेने से इनकार करने वालों पर आईपीसी की धारा 498(ए) से 498(ई) के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है।
इन धाराओं के तहत किसी भी विधिक न्यायालय (कोर्ट-ऑफ-लॉ) द्वारा आर्थिक जुर्माना, कारावास या दोनों का प्राविधान है। ऐसे में कोई भी व्यक्ति एक रुपये का छोटा सिक्का लेने से इनकार नहीं कर सकता है। तथ्यों के साथ उसकी शिकायत की जा सकती हैं।
इस संबंध में आरबीआई के इन्क्वायरी ऑफीसर राघवेन्द्र बताते हैं कि इसे लेकर बैंकों को निर्देशित किया गया है कि सभी एक रुपये के सिक्कों को स्वीकार करें। सरकारी बैंकों में जाकर ग्राहक अपने सिक्कों को बदल सकते हैं।
डाकघर द्वारा भी सभी प्रकार के नोट और सिक्कों को स्वीकार किया जाता है, ग्राहक एक रुपये का छोटा सिक्का डाकघर में ले जाकर वहां उपयोग कर सकते हैं। सिक्के को वहां जमा करा सकते हैं या फिर वहां से कुछ खरीदारी भी कर सकते हैं। आरबीआई ने बैंकों को भी निर्देश दिया है कि वे अपनी शाखाओं में सिक्के बदलने के लिए आने वाले ग्राहकों को न लौटाएं।
जीपीओ के चीफ पोस्टमास्टर सुशील तिवारी बताते हैं कि सभी तरह के सिक्के चलन में हैं। कोई भी सिक्का बंद नहीं किया गया है। एक रुपये से छोटे सिक्के (50 पैसे, 25 पैसे के सिक्के) अब चलन में नहीं है। बाकी बाकी सभी सिक्के चलन में हैं।
बाजार में एक रुपये के सिक्कों को लेकर कई तरह की भ्रान्तियां फैली हैं। इसकी वजह से वैध होने के बावजूद एक रुपये के छोटे सिक्के को कोई लेने को तैयार नहीं है। यही हाल 10 रुपये के सिक्के का भी है। जिस पर ‘~’ न बना हो उसे भी लेने से दुकानदार एवं ग्राहक मना कर देते हैं।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: धोखाधड़ी के आरोप में कांग्रेस नेता समेत पांच लोगों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
