सुल्तानपुर में फ्लीट से गायब अफसरों पर मंत्री स्मृति ईरानी ने जताई नाराजगी, CDO और SDM पर लिया ये एक्शन
बल्दीराय/ सुल्तानपुर, अमृत विचार। फ्लीट से अफसरों के गायब मिलने पर सुलतानपुर दौरे पर आई केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी का पारा मंगलवार को चढ़ गया। उन्होंने अपने प्रतिनिधि को हिदायत दी कि सीडीओ और एसडीएम को फोन कर वापस बुलाओ। फरियादियों की समस्याओं के समाधान के दौरान अफसरों की गैरमौजूदगी पर केंद्रीय मंत्री का मिजाज तल्ख देखा गया। केंद्रीय मंत्री ने जलाशय का भूमि पूजन दिव्यांग से कराया।
केंद्रीय महिला एवं बाल कल्याण मंत्री व अमेठी की सांसद स्मृति ईरानी ने मंगलवार को भवानीगढ़ में अमृत सरोवर का भूमि पूजन किया। भूमि पूजन समारोह में सांसद स्मृति ईरानी ने क्षेत्रीय नागरिकों की जन समस्याओं का भी निस्तारण किया। भूमि पूजन समारोह में उमड़े जन समुदाय के बीच केंद्रीय मंत्री ने पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय राम सुंदर यादव के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनकी स्मृति में भवानीगढ़ गांव में अमृत सरोवर का निर्माण किया जा रहा है। स्मृति ईरानी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में केंद्र की मोदी सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति को उनका हक दिलाने का काम किया है। केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों एवं मनरेगा मजदूरों से बातचीत कर उनका हाल जाना। जिसके उपरांत मंत्री ईरानी ने हलियापुर में आयोजित लोन मेले में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत 38 लाभार्थियों को एक करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपए का ऋण का वितरण किया।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि केंद्रीय योजनाओं के माध्यम से ऋण देकर ग्रामीण क्षेत्र के युवा बेरोजगारों व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक ने कहा कि 39 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले स्वर्गीय राम सुंदर यादव अमृत सरोवर के तट का सुंदरीकरण कर उसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। अमृत सरोवरों की खुदाई जेसीबी से किए जाने के सवाल पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ऐसे कार्य जहां पर खुदाई में मशीनों का उपयोग किया जा रहा है उसे श्रमदान घोषित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में बड़े स्तर पर ग्राम पंचायत सचिव व ग्राम प्रधानों के विरुद्ध कार्यवाही की गई है। सीडीओ ने बताया कि यह भूमि तालाब के नाम पर दर्ज है। जहां पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव द्वारा अमृत सरोवर जलाशय का भूमि पूजन किया जा रहा है। इस जलाशय का जीर्णाेद्धार किया जा रहा है। इस पर इंटरलॉकिंग बैठने के लिए व्यवस्था समेत पर्यटन के लिहाज से इसे बेहतर तैयार किया जाएगा। इसे 39 लाख की लागत से तैयार किया जा रहा है।
समारोह में डीएम जसजीत कौर, एसपी सोमेन बर्मा, विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र प्रताप सिंह, बल्दीराय ब्लाक प्रमुख शिव कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी विदुषी सिंह, भाजपा नेता हिंदेश सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख रवींद्र प्रताप सिंह, प्रधान प्रतिनिधि अखंड प्रताप सिंह गब्बर,जिला विकास अधिकारी अजय पांडे, भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव, भाजपा नेता निर्मल सिंह, बीडीओ बल्दीराय सत्यनारायण सिंह, वेद प्रकाश यादव, दिलीप सिंह, सीओ रमेश कुमार, कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह, प्रधान सुरेश प्रजापति आदि रहे।
ये भी पढ़ें -UP News : एक ऐसा सिपाही जो 18 साल की नौकरी में बन गया करोड़पति
