बरेली: तेल नहीं था इसलिए नहीं चल पाया तीन सौ बेड अस्पताल का जनरेटर, निराश लौटे एक्सरे कराने आए 30 मरीज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। तीन सौ बेड अस्पताल में मंगलवार को करीब तीन घंटे बिजली गुल रही, जिसकी वजह से एक्सरे जांच ठप हो गईं और जिले भर से आए करीब 30 मरीजों को बगैर एक्सरे कराए लौटना पड़ा। कर्मचारियों ने जनरेटर चलवाने का आग्रह किया लेकिन अफसरों ने तेल न होने की बात कहकर इन्कार कर दिया।

कुतुबखाना पुल के निर्माण की वजह से जिला अस्पताल का मेन गेट बंद कर दिया गया है, जिसकी वजह से तीन सौ बेड अस्पताल में मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है। इसके बावजूद असुविधाओं की वजह से उन्हें यहां से निराश लौटना पड़ रहा है। मंगलवार को स्मार्ट सिटी के काम करने के लिए शटडाउन लिया गया तो सुबह करीब साढ़े दस बजे तीन सौ बेड अस्पताल की बिजली भी गुल हो गई। इसके बाद यहां सारा कामकाज लगभग ठप हो गया।

इस दौरान तमाम मरीज एक्सरे कराने आए हुए थे, मगर देर तक बिजली न आने के कारण उनकी जांच नहीं हो पाई। कर्मचारियों ने अफसरों से जनरेटर चलवाने को कहा तो उन्होंने तेल न होने की बात कहकर इन्कार कर दिया। बिजली एक बजे तक नहीं आई। इस बीच एक्सरे कराने आए करीब 30 मरीज निराश होकर लौट गए। पैथोलॉजी लैब में बॉयो केमिस्ट्री और सीवीसी मशीन पहले से खराब पड़ी हैं। बिजली न होने से उनके सैंपल लेने और उनके रखरखाव में भी दिक्कत हुई।

ये भी पढे़ं- बरेली: चिपचिपाती गर्मी में अंधाधुंध बिजली कटौती ने रुलाया, उपभोक्ता हुए बेहाल

 

संबंधित समाचार