अयोध्या : पत्नी को कह दिया ज्योति मौर्या और की मारपीट, पति-जेठ समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। प्रदेश की चर्चित पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्या का नाम यहां एक दंपत्ति के बीच चल रहे विवाद के बीच आया है। युवती ने अपने जेठ और पति समेत अन्य के खिलाफ अभद्रता, धमकी तथा मित्र के साथ मारपीट और खुद को ज्योति मौर्या कहे जाने का आरोप लगाते हुए नगर कोतवाली में केस दर्ज कराया है।

मूल रूप से जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र स्थित बरईपारा निवासी युवती निशा प्रजापति पुत्री आसाराम का कहना है कि वह नगर कोतवाली क्षेत्र के उसुरू में रहकर पढ़ाई कर रही है। शाम 7:00 बजे अपने कमरे से चाय पीने के लिए गुरु नानक स्कूल के निकट धर्म कांटा के पास पहुंची तो वहां लाइब्रेरी में साथ पढ़ाई करने वाला राहुल मिल गया। इसी बीच रौनाही थाना क्षेत्र के कपासी गांव निवासी उसके जेठ प्रेम कुमार प्रजापति पति अनु कुमार अपने साथ 5 लोगों को लेकर पहुंचे और उससे अभद्रता शुरू कर दी। गाली-गलौज की और उसको ज्योति मौर्या कहा। इतना ही नहीं मित्र राहुल को मारने पीटने लगे। हल्ला गुहार पर आसपास के लोग दौड़े तो सभी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। 

हमलावरों में एक मोनू भी था जो यही एक अस्पताल में काम करता है और बाकी लोग एक पैथोलॉजी लैब से जुड़े थे। शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने तीन को नामजद करते हुए बलवा, मारपीट, धमकी, गाली-गलौज और अश्लीलता की धारा में केस पंजीकृत किया है।

बताया जाता है कि शिकायतकर्ता युवती का अपने पति से विवाद चल रहा है और विदाई का वाद पारिवारिक अदालत में विचाराधीन है। बड़े  भाई की ओर से मित्र के साथ घूम रही युवती की जानकारी दिए जाने के बाद उसका पति मौके पर पहुंचा और वीडियो बनाने लगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

ये भी पढ़ें -बाराबंकी : बेटे ने पापा को भेजा Suicide का मैसेज, ट्रेन के आगे कूद कर दी जान

संबंधित समाचार