सीमा हैदर का विरोध करने सचिन के घर पहुंचे प्रदर्शनकारी, ग्रामीणों ने खदेड़ा
गौतमबुद्ध नगर, अमृत विचार। सीमा हैदर के भारत आने का मामला तूल पकड़ चुका है। लोग सीमा को पाक एजेंट बताते हुए लगातार विरोध कर रहे हैं। बुधवार को रबूपुरा में सचिन मीणा के घर तीन प्रदर्शनकारी पहुंचे उन्होंने अपने हाथों में सीमा के विरोध से जुड़े स्लोगन लिखे हुए थे। साथ ही उसे वापिस पाकिस्तान भेजने के नारे भी इन प्रदर्शनकारियों ने लगाए। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध जताया और सभी प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। सचिन के घर के बाहर पुलिस का जबरदस्त सुरक्षा इंतजाम है। वहीँ दूसरी तरफ सीमा हैदर सुरक्षा एजेंसियों के सामने अपने बयान दर्ज करवा रही है। बुधवार को इस मामले में इंटेलीजेंस ब्यूरो की भी एंट्री हो गई है। बताया जा रहा है कि टीम के सदस्य नेपाल में सीमा हैदर के बारे में मिली जानकारी के आधार पर सुबूत जुटा रहे हैं।
गौरतलब है कि सीमा हैदर पर अनाधिकृत तौर पर भारत में दाखिल होने और यहाँ रहने का आरोप है। वहीँ पूछताछ और छानबीन में सीमा की तरफ से सचिन से मुलाकात और उससे शादी करने के बारे में दिए गए बयानों की सत्यता परखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े सूत्रों के अनुसार सीमा के पिता और चाचा पाकिस्तानी आर्मी के लिए काम कर चुके हैं और सीमा की भी कुछ तस्वीरें आर्मी ड्रेस में वायरल हुई हैं।
ये भी पढ़ें - लखनऊ : आईएसआई के लिये काम करने वाले दो जासूस मुबंई से गिरफ्तार
