अयोध्या : किसानों को बांटे मोटे अनाज के मिनी किट
अयोध्या, अमृत विचार। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत मवई व हैरिंग्टनगंज में किसानों को दहलन व श्री अन्न (मिलेट्स/मोटे अनाज) के मिनी किट का वितरण किया गया। जनपद के मवई ब्लॉक स्थित किसान कल्याण केंद्र व हैरिंग्टनगंज ब्लॉक स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार पर कुल 151 किसानों को रागी, सावा, कोदो, अरहर व मूंग के बीजों के मिनी किट बांटे गए। इससे पहले विधायक रामचन्द्र यादव ने मवई ब्लॉक में सहजन व महोगनी का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिला कृषि अधिकारी ओपी मिश्र ने बताया कि मवई ब्लॉक के किसान कल्याण केंद्र पर आयोजित मिनी किट वितरण कार्यक्रम में पहुंचे विधायक रामचन्द्र यादव ने 106 किसानों को निशुल्क मोटे अनाज रागी, सावा, कोदो, अरहर व मूंग के मिनी किट का वितरण किया। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण को लेकर सहजन व महोगनी का पौधा भी रोपित किया गया। उन्होंने बताया कि मिनी किट वितरण कार्यक्रम के बाद भेलसर स्थित राजकीय बीज उत्पादन फार्म का भी निरीक्षण किया गया है।
राजकीय बीज उत्पादन फॉर्म पर 11.74 हेक्टेयर एरिया में धान सीएट-4 की रोपाई पूरी हो चुकी है। वहीं हैरिंग्टनगंज ब्लॉक स्थित राजकीय कृृषि बीज भंडार पर ब्लॉक प्रमुख अंकुर सेन यादव ने 45 किसानों को मिनी किट वितरित किया। गोदाम प्रभारी उमाशंकर यादव ने बताया कि किसानों को 3 किलोग्राम का मिनी किट दिया गया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अखिलेश मिश्रा, सहायक विकास अधिकारी कृषि धीरेंद्र प्रताप सिंह, प्रभारी बीज गोदाम उमाशंकर वर्मा सहित कई मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : बिहार से असलहा तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत तीन गिरफ्तार
