अयोध्या : 30 सितंबर तक हर हाल में पूरी हो पदोन्नतति से चयन की प्रक्रिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चालू चयन वर्ष के लिए शासन ने तय की गाइडलाइन

अयोध्या, अमृत विचार। चालू चयन वर्ष में समयबद्ध ढंग से पदोन्नति से भरे जाने वाले पदों के लिए चयन की कार्रवाई पूरी कराने के लिए शासन ने गाइडलाइन जारी की है। सभी विभागों को हर हाल में 30 सितंबर तक पदोन्नति से चयन की प्रक्रिया पूरी कर लेने का निर्देश दिया गया है।

शासन से संबद्ध विभिन्न विभागों में अलग-अलग स्तरों पर अधिकारियों और कर्मचारियों के विभागीय पदोन्नति की व्यवस्था है। निचले स्तर पर पदोन्नति से चयन की प्रक्रिया विभागाध्यक्ष अथवा अधीनस्थ नियुक्त प्राधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति, इसके ऊपर अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव व विभागीय सचिव के नेतृत्व में गठित समिति तथा कुछ मामलों में लोक सेवा आयोग के माध्यम से होती है। चयन की कार्यवाही समय से संपन्न न होने के चलते पदों को भरने में अनावश्यक विलंब होता है जिसके फलस्वरूप शासकीय कार्य तो प्रभावित होते ही हैं साथ ही संबंधित कार्मिकों के मनोबल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। 

इसको लेकर शासन के मुख्य सचिव ने सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव व सचिव को पत्र जारी किया है। पत्र में पदोन्नति से भरे जाने वाले पदों के सापेक्ष चयन की कार्यवाही हर हाल में 30 सितंबर तक संपन्न कराने का निर्देश दिया गया है। हिदायत दी गई है कि चालू चयन वर्ष 2023-24 में 1 जुलाई 23 से 30 जून 24 तक पदोन्नति से भरे जाने वाले सभी रिक्त पदों की गणना कर ली जाए तथा समिति का गठन कर चयन का प्रस्ताव 31 जुलाई तक उपलब्ध कराया जाए। जिससे 30 सितंबर तक चयन की प्रक्रिया पूरी हो सके। चेतावनी दी गई है कि निर्देशों का अनुपालन न होने पर संबंधित को बैड इंट्री प्रदान की जाएगी।

परिवहन निगम में तकनीकी संवर्ग की चल रही प्रक्रिया, बाकी की होनी है 
परिवहन निगम में प्रबंधन ने तकनीकी स्टाफ की विभागीय प्रोन्नति की प्रक्रिया शुरू कर रखी है, जबकि नान तकनीकी पदों की विभागीय प्रोन्नति अभी होनी है।  जूनियर फोरमैन से सीनियर फोरमैन ग्रेड टू में पदोन्नति के लिए वरिष्ठता सूची के आधार पर लखनऊ क्षेत्रीय कार्यशाला में ट्रेड टेस्ट कराया गया है। निगम प्रबंधन की ओर से 12 जुलाई से 14 जुलाई के बीच आयोजित ट्रेड टेस्ट से छूटे चयनित अभ्यर्थियों को एक और मौका प्रदान किया है, उसके बाद सफल अभ्यर्थियों को सीनियर फोरमैन पद पर प्रोन्नत कर दिया जाएगा। वहीं नान तकनीकी पदों पर प्रोनति के लिए महकमा विभिन्न वर्गों की वरिष्ठता सूची को फाइनल करने की कवायद में जुटा है। 

अभी 14 जुलाई को निगम मुख्यालय के प्रधान प्रबंधक कार्मिक अशोक कुमार की ओर से क्षेत्रीय प्रबंधकों को पत्र भेजकर स्थानांतरण के बाद क्षेत्र में कार्यभार ग्रहण करने वाले परिचालकों समेत सभी नियमित परिचालकों की अद्यतन वरिष्ठता सूची मुख्यालय को भेजवाने का निर्देश दिया है। अयोध्या डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आदित्य प्रकाश का कहना है कि तकनीकी संवर्ग में प्रोन्नति के लिए वरिष्ठता सूची का निर्धारण होने के बाद विभागीय कौशल परीक्षा कराई गई है। वहीं नान तकनीकी संवर्ग के कार्मिकों की प्रोन्नति अभी होनी है।

ये भी पढ़ें -सुल्तानपुर : पूर्व सांसद राहुल गांधी के मामले में सुनवाई टली, मिली नई तारीख

संबंधित समाचार