शाहजहांपुर: पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा के कॉम्पलेक्स के बाहर चला बुलडोजर
पांच थानों की पुलिस के साथ पहुंचा प्रशासन, रेलिंग और फर्श तोड़ी
शाहजहांपुर/निगोही, अमृत विचार। पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा ने शहर की तर्ज पर गांव पतराजपुर में कॉम्पलेक्स बनवाया है, जिसमें कई दुकानें हैं। दुकानों के सामने रेलिंग का निर्माण कराया था। प्रशासन ने बुलडोजर चलवाकर रेलिंग और फर्श तोड़ दी। इस दौरान अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई। पूर्व विधायक ने स्थानीय भाजपा विधायक पर बदले की भावना से कार्रवाई कराने का आरोप लगाया है।
गुरुवार की दोपहर एडीएम संजय कुमार पांडेय, एसपी सिटी सुधीर जायसवाल, एसडीएम तिलहर दीपशिखा सिंह सहित पांच थानों की पुलिस और पीएसी पूर्व विधायक के कॉपलेक्स को तुड़वाने के लिए निगोही पहुंची। एडीएम और एसपी सिटी तो थाने में रुक गए। एसडीएम के नेतृत्व में अमला कॉम्पलेक्स के सामने पहुंचा और नापजोख होने लगी।
मौके पर जेसीबी भी पहुंच गई। सूचना पर पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा पहुंच गए और उन्होंने कोर्ट का स्टे आर्डर दिखाया, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि दुकानों के बाहर चबूतरे और लोहे की ग्रिल को अवैध रूप से बनाई गई। इस पर पूर्व विधायक से नोकझोंक भी हुई।
पूर्व विधायक ने परिवार समेत आत्महत्या कर लेने की भी चेतावनी दी। जेसीबी ने तोड़फोड़ करने का प्रयास किया तो पूर्व विधायक सामने आ गए और कड़ा विरोध करने लगे। बाद में पूर्व विधायक ने खुद ही रेलिंग तोड़ ली और कुछ ईंट भी उखाड़ लीं। बाद में कुछ ईंटें जेसीबी ने भी उखाड़ीं।
सपा जिलाध्यक्ष समेत कई नेता पहुंचे
पूर्व विधायक के कॉम्पलेक्स को प्रशासन द्वारा तोड़े जाने की सूचना पर सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां समेत तमाम नेता मौके पर पहुंच गए। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां और पुवायां के पूर्व विधायक प्रत्याशी उपेंद्र पाल सिंह ने कहा कि भाजपा की सरकार में लोकतंत्र की खुली हत्या हो रही है।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: तालाब में डूबकर दो सगी बहनों की मौत, परिवार और गांव में मचा कोहराम
