बरेली: बिजली कटौती पर भड़के व्यापारी, अधीक्षण अभियंता का दफ्तर घेरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। गर्मी की मार से परेशान लोगों पर बिजली कटौती की दोहरी मार पड़ रही है। लगातार मांग के बावजूद बिजली व्यवस्था में कोई बदलाव न होने से गुस्साए उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को अधीक्षण अभियंता मुकेश सिंघल के दफ्तर का घेराव किया। नारेबाजी के दौरान व्यापारियों ने चेकिंग के नाम पर विजिलेंस टीम पर उगाही का लगाया। पदाधिकारियों ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन देकर बिजली कटाैती से निजात दिलाने की मांग की।

व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शोभित सक्सेना की अगुवाई में बृहस्पतिवार को काफी संख्या में लोग अधीक्षण अभियंता के दफ्तर पहुंचे। कार्यालय का घेराव करने के बाद सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि बरेली स्मार्ट सिटी है। सीएम ने 24 घंटे बिजली देने का आदेश दे रखा है, इसके बाद भी अघोषित कटाैती की जा रही है, इससे लोग काफी परेशान हैं।

पॉश कॉलोनी रेजीडेंसी गार्डन में रोजाना कटौती हो रही है। कर्मचारी कहते हैं कि फाल्ट की वजह से ऐसा हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर खंभों पर नीचे की ओर प्लास्टिक शीट लगवाई जाए। शहर के रोडवेज, आजमनगर में तारों के मकड़जाल से हर वक्त हादसे का खतरा बना रहता है। रात में छापा मारने के नाम विजिलेंस टीम उगाही कर रही है।

कहा कि यह गलत है, अगर इस पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई तो व्यापार मंडल सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगा। मीटर चेकिंग के नाम पर हो रही वसूली पर भी रोक लगाई जाए। मीटर चेक करने वाले कर्मचारियों के पास आईकार्ड होना जरूरी है। मांग की कि उनके साथ कोई जिम्मेदार अधिकारी भी हो।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की मांगों को सुनने के बाद अधीक्षण अभियंता ने समाधान कराने का आश्वासन दिया है। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह बख्शी, प्रांतीय अध्यक्ष किशोर कटरू, वरिष्ठ मंत्री हरीश अरोड़ा, चंद्रभान गुप्ता, आदर्श अग्रवाल, बंटू सिंह, शोएब खान, मनोज अरोड़ा, विशाल खंडेलवाल, सोनू गुजराल, हनी सिंह,अरुण वर्मा आदि मौजूद रहे।

ये भी पढे़ं- बरेली: चेन स्नेचिंग की घटना में पकड़े गए युवक ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, जानिए पूरा मामला

 

 

संबंधित समाचार