Kasganj: 'मैं मानसिक रूप से परेशान हूं', बरगलाकर जिलाध्यक्ष पर लगवाए आरोप...जानिए मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 भाजपा जिलाध्यक्ष और युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष की वायरल वीडियो में आया नया मोड़ 

कासगंज, अमृत विचार। दो दिन पहले भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं एवं मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष के बीच हुई बातचीत में जिलाध्यक्ष द्वारा रुपए मांगने के वायरल हुए ऑडियो के मामले में नया मोड़ आ गया है। युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष स्वयं मीडिया के सामने आए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि कुछ लोगों ने बरगलाकर उनसे ऑडियो वायरल कराया। जबकि सच्चाई कुछ और ही थी और भ्रामक तरीके से ऑडियो वायरल कर दिया गया। उन्होंने स्वयं द्वारा जिलाध्यक्ष पर लगाए आरोपों को नकार दिया है। कहा है कि वह काफी समय से शारीरिक और मानसिक रूप से अस्वस्थ है। इसलिए उनकी तरफ से ऑडियो वायरल हो गया। जिलाध्यक्ष पाक साफ छवि के व्यक्ति हैं। मैं अपनी गलती के लिए माफी चाहता हूं।

सोशल मीडिया पर दो दिन पहले एक ऑडियो तेजी के साथ वायरल हुआ। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अमन चौहान ने भाजपा के जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी पर आरोप लगाया कि उन्होंने शस्त्र लाइसेंस बनवाने की एवज रुपए ले लिए हैं और वापस नहीं किए।

जब सोशल मीडिया पर यह ऑडियो वायरल हुआ उस समय युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष ने मीडिया के सामने आने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि ऑडियो कैसे वायरल हो रहा है। इसलिए यह मामला सोशल मीडिया तक ही सिमट कर रह गया। अब इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है। गुरुवार को युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मीडिया के सामने आए।

उन्होंने स्वयं मीडिया कर्मियों  बुलाया और कहा कि वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान हैं। इसलिए उनके द्वारा जो भी आरोप जिलाध्यक्ष पर लगाए गए हैं उन्हें सही न माना जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष की बेटी की शादी वर्ष 2021 में हुई। उस समय मैंने स्वयं सहयोग किया और भाजपा जिलाध्यक्ष को धनराशि दी थी, लेकिन बाद में जिलाध्यक्ष ने कुछ धनराशि वापस कर दी और कुछ धनराशि बाद में वापस करने को कहा।

अब भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदारों की सूची तैयार हो रही है तो विरोधियों ने मुझे बरगला दिया। मेरे द्वारा सहयोग में दी गई राशि को गलत तरीके से पेश करने का ऑडियो वायरल करने को कहा। मैं मानसिक रूप से परेशान हूं, इसलिए उनकी बातों में आ गया फिर ऑडियो वायरल कर दिया, लेकिन ऑडियो पूरी तरह गलत है।

उन्होंने कहा है कि मेरे द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। अमन चौहान ने यह भी स्पष्ट किया है कि विरोधी उनके कंधे पर बंदूक रखकर चलाना चाह रहे हैं, लेकिन भाजपा जिलाध्यक्ष पाक साफ छवि के व्यक्ति हैं। इधर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी से इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने कहा कि मैं किसी से क्यों धनराशि मांगने लगा।

जिलाध्यक्ष होने से पहले भी समाजसेवा के क्षेत्र में लाखों रुपए खर्च करता रहा हूं। यह तो मुझे मुझे बदनाम कराने का षड्यंत्र रचा गया। मैं एक स्वयंसेवक और भाजपा का कार्यकर्ता हूं। पार्टी के प्रति पूरी तरह समर्पित हूं। चाहे कोई भी चुनाव रहा हो इसका परिणाम भी देख लीजिए कि कितनी मेहनत की और ऐतिहासिक जीत भी हर चुनाव में दर्ज कराई।

हां कुछ पदाधिकारियों के लाइसेंस जरूर बने हैं। उनकी एवज उन कार्यकर्ताओं ने गरीबों की मदद के लिए कदम उठाए। प्रशासन के संज्ञान में लाकर स्कूलों में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दिया। मुझे तो बहुत खुशी होती है जब कोई गरीबों कि मदद करता है। मुझे इस बात का कोई फर्क नहीं पड़ता कि इस तरह से मुझे बदनाम कराया जा रहा है, क्योंकि मैं अपनी जगह पूरी तरह सही हूं। गलत व्यक्ति को डर होता है।

यह भी पढ़ें- कासगंज में बेकाबू हुई गंगा की धार, सड़कों को पार कर गांव की आबादी में घुसा पानी

संबंधित समाचार