Kanpur: बिजली गुल होने से लोग हो रहे आक्रोशित, केशवपुरम सबस्टेशन में की तोड़फोड़, पुलिस के आने से पहले उपद्रवी फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में बिजली न आने पर केशवपुरम सबस्टेशन में तोड़फोड़।

कानपुर में बिजली गुल होने से लोग आक्रोशित हो रहे है। लोगों ने केशवपुरम सबस्टेशन में नारेबाजी के बाद तोड़फोड़ की। पुलिस के आने से पहले उपद्रवी मौके से फरार हो गए।

कानपुर, अमृत विचार। बिजली न आने पर मसवानपुर के लोगों ने केशवपुरम सब स्टेशन में बुधवार रात में दो से तीन बार हंगामा किया। जब गुरुवार सुबह तक बिजली नहीं आई तो आक्रोशित लोगों ने सब स्टेशन में पथराव कर दिया, जिससे सब स्टेशन की खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए और पुलिस के आने से पहले सभी उपद्रवी मौके से भाग निकले। वही, इसकी भनक केस्को मुख्यालय को नहीं हुई। 

केशवपुरम सब स्टेशन के अंतर्गत बुधवार रात को करीब 10 बजे मसवानपुर क्षेत्र में फॉल्ट हो गया, जिस वजह से पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। कई बार शिकायत करने के बाद भी जब केस्को कर्मचारी फॉल्ट को बनाने नहीं पहुंचे तो क्षेत्र के लोगों ने केशवपुरम सब स्टेशन में पहुंचकर हंगामा किया। रात को किसी तरह समझाकर केस्को कर्मचारियों ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया।

इसके बाद एम-ब्लाक, जे-ब्लॉक, मसवानपुर समेत कुछ अन्य जगहों पर भी फॉल्ट हो गए। रात को बिजली न आने से परेशान लोग केस्को के कंट्रोल रूम नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट पर शिकायतें करते रहे।

आरोप है कि कॉल का सही जवाब न मिलने पर फिर से क्षेत्र के लोग सब स्टेशन पहुंचे और केस्को की अव्यवस्थाओं के खिलाफ नारेबाजी कर हंगामा करने लगे। देर रात को लोगों ने सब स्टेशन पहुंचकर कई बार हंगामा किया, जब गुरुवार सुबह तक बिजली नहीं आई तो लोग दोबारा सब स्टेशन पहुंचे। यहां पर एक बिजली कर्मी से साथ मारपीट की और उसके बाद सब स्टेशन में पथराव कर दिया।

गनीमत रही कि अंदर एसएसओ के अलावा कोई नहीं था, नहीं तो पथराव में कर्मचारी या उपभोक्ता घायल हो सकते थे। पथराव से सब स्टेशन में लगी खिड़कियों के शीशे व दरवाजे क्षतिग्रस्त हो गए। वही, पुलिस के पहुंचने से पहले सभी उपद्रवी मौके से भाग निकले। केस्को मीडिया प्रभारी श्रीकांत का कहना है कि इस संबंध में कोई जानकारी है। जबकि दिन में चार से पांच बार बात हुई। हंगामा व पथराव के बारे में केशवपुरम सब स्टेशन से कोई जानकारी दी गई है। जानकारी पर कार्रवाई की जाएगी। 

नहीं लगा है सीसीटीवी 

सब स्टेशन के अवर अभियंता सतेंद्र कुमार यादव ने बताया कि फॉल्ट होने की वजह से आक्रोशित लोगों ने सब स्टेशन में पथराव किया, जिसमें कोई घायल नहीं हुआ। लेकिन केस्को की संपत्ति को हानी हुई है। सब स्टेशन में सीसीटीवी नहीं लगे हैं, जिनकी मदद से उपद्रव करने वाले लोगों को चिन्हित किया जा सके।

संबंधित समाचार