अयोध्या : चार विद्यालयों के 560 बच्चों पर विषैले जीव जंतुओं का खतरा
सफाई कर्मियों के न आने से परिसर में उगी हैं झाड़ियां, शिकायत के बाद भी कोई असर नहीं
पूराबाजार/ अयोध्या, अमृत विचार। ग्राम पंचायत अंजना में तैनात सफाई कर्मियों द्वारा साफ सफाई न करने के चलते 4 परिषदीय विद्यालयों के 560 बच्चों पर विषैले जीव - जंतुओं का खतरा मंडरा रहा है। सभी स्कूलों के परिसर में झाड़ियां उग आईं हैं। प्रधानाध्यापकों और ग्राम प्रधान ने एडीओ पंचायत से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
विकासखंड पूरा बाजार के ग्राम पंचायत अंजना में सफाई कर्मी अजय कुमार करीब 14 वर्षों से और जावेद एक वर्ष से तैनात हैं। गांव में स्थित परिषदीय विद्यालयों में गंदगी का साम्राज्य है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुजानपुर अंजना की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका अपर्णा द्विवेदी ने बताया विद्यालय परिसर और शौचालय के पास बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई है। जिसमें जहरीले जानवर भी देखे जाते हैं। इसकी सफाई के लिए सफाई कर्मी से कई बार का कहा गया लेकिन नहीं सुना। यही हाल ग्राम पंचायत आंजना में स्थित प्राथमिक विद्यालय अंजना प्रथम व द्वितीय और प्राथमिक विद्यालय सूरापुर का भी है। प्रधानाध्यापकों ने भी विद्यालय में साफ-सफाई को लेकर एडीओ पंचायत से शिकायत किया है। प्राथमिक विद्यालय अंजना द्वितीय की प्रधानाध्यापिका इंद्रावती बताती है कि विद्यालय परिसर और शौचालय के पास बड़ी बड़ी झाड़ियां थी।
4 जुलाई के अंक में 'अमृत विचार 'में खबर प्रकाशित होने के बाद सफाई कर्मी ने मजदूर से साफ सफाई करा दी लेकिन स्वयं विद्यालय में नहीं दिखाई पड़ा। प्रधान नंद कुमार यादव बताते हैं कि दोनों सफाई कर्मी गांव में दिखाई नहीं पड़ते। जिसकी शिकायत एडीओ पंचायत से की गई है लेकिन फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं एडीओ पंचायत पूरा बाजार धनजीत ने बताया कि सभी कर्मचारी अपने गांव में ड्यूटी करेंगे जो भी कमियां होगी उसका सुधार हो जाएगा।
ये भी पढ़ें -Manipur Violence : एएमयू में छात्रों ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
