रायबरेली: छात्र को पीटने पर प्रधानाध्यापक निलंबित, शिक्षा मित्र को संविदा समाप्ति नोटिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डीएम कार्यालय पहुंचकर पीड़ित छात्र के परिवारीजनों ने की शिकायत, बीएसए ने बीईओ की जांच के बाद की कार्रवाई

रायबरेली, अमृत विचार। परिषदीय विद्यालय में कक्षा चार के छात्र की किसी बात से नाराज होकर प्रधानाध्यापक और शिक्षा मित्र ने पिटाई कर दी। पीड़ित छात्र के परिवारीजनों की शिकायत पर बीएसए ने आरोपित प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया। वहीं शिक्षामित्र को संविदा समाप्ति की नोटिस जारी कर दी। साथ ही बीईओ हरचंदपुर और अमावां को जांच अधिकारी नामित करते हुए 15 दिन में आख्या देने के निर्देश दिए। 

मामला राही ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय इब्राहिमपुर का है। यहां पर बीबीपुर निवासी अर्जुन सोनकर का बेटा राजा कक्षा चार का छात्र है। आरोप है कि गुरुवार को विद्यालय में किसी बात से नाराज होकर प्रधानाध्यापक कंचन पांडेय और शिक्षा मित्र रीता वाजपेयी ने पिटाई कर दी।

पीड़ित छात्र रोता हुआ घर पहुंचा और परिवारीजनों को पूरी बात बताई। इस पर नाराज परिवारीजन कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम के सामने आपबीती सुनाई। जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने तत्काल बीएसए को बुलाकर जांच के आदेश दिए। साथ ही दोषी शिक्षकों पर कार्रवाई के लिए कहा।

बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बीईओ राही को मौके पर भेजकर जांच कराई। इसमें विद्यालय में कुल छात्र संख्या 101 के सापेक्ष 41 बच्चे ही उपस्थित मिले। साथ ही बच्चों को निपुण बनाए जाने को लेकर कोई कार्ययोजना नहीं मिली। बीईओ की जांच के आधार पर अध्यापक आचरण नियमावली के उल्लंघन पर प्रधानाध्यापक कंचन पांडेय को निलंबित करते हुए ब्लाक संसाधन केंद्र हरचंदपुर संबद्ध कर दिया।  

वहीं शिक्षा मित्र रीता वाजपेयी को संविदा समाप्ति की नोटिस जारी कर दी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दो सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी गई है। 15 दिन में जांच आख्या मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बच्चों के साथ किसी भी तरह की ऐसी कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: फंदे से लटकता मिला महिला का शव, जमीन को छू रहे थे दोनों पैर 

संबंधित समाचार