Kannauj News : ट्रक से डीजल चोरी करने के साथ चालक को लूटा, कार से आए बदमाश, 95 लीटर डीजल चुराया
कन्नौज में ट्रक से डीजल चोरी करने के साथ चालक को लूटा।
कन्नौज में ट्रक से डीजल चोरी करने के साथ चालक को लूटा। कार से आए बदमाश और 95 लीटर डीजल चुराकर भाग निकले।
कन्नौज, अमृत विचार। हाईवे के पास खड़े ट्रक के चालक के साथ मारपीट कर उसके पास मौजूद नगदी-मोबाइल के साथ ट्रक का 95 लीटर डीजल चोरी कर बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित चालक ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।
थाना सौरिख के नगला सोहरा गांव निवासी विवेक कुमार पुत्र रामलाल ट्रक चालक है। वह अपने ट्रक से कन्नौज से तिर्वा होते हुए घर जा रहा था। गुरुवार की रात नींद आने कारण उसने तिर्वा कोतवाली के रतापुर्वा गांव के पास एक्सप्रेस वे पुल के नीचे अपना ट्रक खड़ा कर दिया और उस पर सो गया। रात करीब तीन बजे कार पर सवार होकर तीन बदमाश आए और उसके ट्रक का शीशा तोड़कर उसके साथ मारपीट की।
इसके बाद नौ हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया। चालक को बंधक बनाकर ट्रक से करीब 95 लीटर डीजल चोरी कर कार में रखकर मौके से फरार हो गए। जाते समय बदमाशों ने गुलेल से हमला कर उसे घायल कर दिया। पीड़ित ने सुबह कोतवाली पहुंच पुलिस को कार सवार बदमाशों द्वारा की गई घटना को बताते हुए अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी।
