बरेली: भाजपा का टिकट दिलाने का झांसा देकर ठग लिए 80 हजार, रुपए मांगने पर धमकी
पार्षद का चुनाव लड़ना चाहती थीं बबिता, पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम चुनाव के दौरान खुद को भाजपा का नेता बताने वाले एक शख्स ने पार्षद का टिकट दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 80 हजार रुपये ठगी कर ली। टिकट न मिलने पर महिला ने उससे अपनी रकम वापस मांगी तो वह बदसलूकी और गालीगलौज करने के साथ उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। महिला ने थाना प्रेमनगर में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रेमनगर इलाके के मोहल्ला त्रिवेणी भवन कानून गोयान में रहने वाली बबिता रेक्रिवाल की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक वह नगर निगम चुनाव में अपने वार्ड से पार्षद पद का चुनाव लड़ना चाहती थीं। इसी कारण उन्होंने टिकट के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ स्थानीय नेताओं को भी अपना आवेदन भेजा था। इसी दौरान एक कार्यक्रम में गुलाबनगर के चौधरी मोहल्ले में ब्रह्मदेव मंदिर के पास रहने वाले संजय अग्रवाल से उनकी मुलाकात हुई।
बबिता का आरोप है कि संजय ने भाजपा का वरिष्ठ नेता होने के साथ शीर्ष नेताओं से अच्छी जान-पहचान होने का दावा किया। उसने कुछ पैसे खर्च करने पर भाजपा का टिकट दिलाने का दावा किया। उस पर भरोसा कर उन्होंने उसे 80 हजार रुपये दे दिए, लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने संजय अग्रवाल से अपनी रकम वापस मांगी तो पहले उसने टालमटोल की, फिर उन्हें धमकी देने लगा।
अब सोशल मीडिया पर कर रहा है बदनाम
बबिता रेक्रिवाल का कहना है कि संजय अग्रवाल ने उनकी रकम तो नहीं लौटाई, उल्टे उन्हें दबाव में लेने के लिए सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आए दिन कुछ न कुछ पोस्ट करता रहता है। फोन पर भी उन्हें परेशान करता रहता है। अपने पैसे मांगने पर कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी दे चुका है। उधर, संजय अग्रवाल का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने बबिता रेक्रिवाल से कोई रकम नहीं ली है।
यह भी पढ़ें- बरेली: स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों की भर्ती के लिए हुए Interview, एक सप्ताह से टाली जा रही थी प्रक्रिया
