मुरादाबाद : अजय के देश लौटने पर पुलिस कयासों में, नहीं मिल रही जानकारी

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

जूली-अजय प्रकरण : बांग्लादेश या कहीं और होने से पुलिस का इनकार, टीम नहीं भेजी, मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा कर लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश

मुरादाबाद, अमृत विचार। जूली-अजय प्रकरण में पुलिस अब तक कयासों में है। अजय व उसके परिवार वालों का कहीं पता नहीं चला है। पुलिस साइबर सेल के माध्यम से उसके मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर लोकेशन जाने में जुटी है। लेकिन अभी तक कोई सटीक सूचना नहीं मिली है। अजय का परिवार भी किराये के घर पर ताला लगाकर लापता है। जिससे उसके जानने वालों में किसी अनहोनी की आशंका बढ़ रही है।  

एक साल पहले बांग्लादेश की राजधानी ढाका स्थित गाजीपुर की जूली इस्लाम धर्म छोड़कर अजय के पास मुरादाबाद आई थी। इसके 15 दिन बाद जूली पहले अपने देश लौट गई थी। कुछ दिन बाद जूली फिर यहां आई और तीन माह पहले वह अजय को साथ लेकर बांग्लादेश चली गई। तभी से अजय बांग्लादेश में परेशान था। इस बीच गुरुवार को अजय के भारत लौटने का दावा किया गया। इसके अलावा अजय की मां के व्हाट्सऐप पर उसकी खून से लथपथ फोटो आने के बाद परिवार और पुलिस में बेचैनी बढ़ गई। लेकिन पुलिस अजय के बारे में कोई जानकारी नहीं जुटा पाई। अजय की वर्तमान लोकेशन नहीं मिल पा रही है। उधर, अजय के परिजन किराये के मकान में ताला लगाकर दो दिन से गायब हैं। उसकी मां सुनीता का मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ आ रहा है। मां, बहन-भाई व पिता के बारे में पुलिस कुछ बता नहीं रही है। 

एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया का कहना है कि अजय व उसके परिवार वालों के बारे में कोई सूचना नहीं है। न ही कोई टीम बांग्लादेश या कहीं और भेजी गई है। उसके मोबाइल नंबर को साइबर सेल के माध्यम से सर्विलांस पर लगाया गया है। जैसे ही कोई सूचना मिलेगी। उसके आधार पर कदम बढ़ाएंगे।

अजय पश्चिम बंगाल पहुंचा या नहीं, कई तरह की चर्चाएं तेज
मुरादाबाद। बांग्लादेश निवासी प्रेम विवाहिता जूली के घर से निकले अजय को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। यहां बंद पड़े मकान के आसपास लोग अजय के बारे में बातें करते नजर आए। प्यार में धोखा व खूनी खेल की चर्चा भी हो रही है। इससे पहले अजय ने अपनी मां सुनिता को संदेश के जरिये बांग्लादेश से निकलने की सूचना दी थी। फिलहाल अजय पश्चिम बंगाल पहुंचा या कहीं और, इस बारे में अब कोई सूचना नहीं है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: नामचीन कंपनी का लोगो लगाकर फर्जी कपड़े बेच रहे दुकानदार, रिपोर्ट

 

संबंधित समाचार