बरेली: पटेल चौक से नावल्टी चौराहे तक जमीन और वाणिज्यिक संपत्तियां सबसे महंगी
अकृषक भूमि का मौजूदा सर्किल रेट 62 हजार रुपये वर्ग मीटर, प्रस्तावित किया गया है 75 हजार रुपये
बरेली, अमृत विचार। प्रस्तावित सर्किल रेट में शहरी क्षेत्र के साथ सभी हाईवे के बाहरी हिस्सों के अलावा ग्रामीण और उपनगरीय क्षेत्रों में भी मौजूदा सर्किल रेट से आठ से 10 हजार रुपये वर्ग मीटर तक की वृद्धि करते हुए मूल्यांकन सूचियां तैयार की गई हैं। ऐसी स्थिति में अगर प्रस्तावित सर्किल रेट को बगैर किसी संशोधन के लागू किया गया तो जमीन, मकान, दुकान, कार्यालय और गोदाम खरीदने के लिए लोगों काे मौजूदा सर्किल रेट से आठ से 16 हजार वर्ग मीटर तक ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ेगी।
नए सर्किल रेट लागू होने के बाद शहर में पटेल चौक से नावल्टी चौक तक अकृषक भूमि खरीदना सबसे महंगा हो जाएगा। यहां मौजूदा सर्किल रेट 62 हजार रुपये वर्ग मीटर है जो अब 75 हजार रुपये तय किया गया है। वाणिज्यिक संपत्तियां भी इसी क्षेत्र में सर्वाधिक महंगी होंगी। शहर में यह इकलौती जगह है, जहां वाणिज्यिक संपत्ति के लिए लोगों को 16 हजार और 15 हजार रुपये वर्ग मीटर से अधिक धनराशि खर्च करनी पड़ेगी। प्रस्तावित सर्किल रेट पर लोगों से 24 जुलाई तक आपत्ति और सुझाव मांगे गए हैं। इनकी समीक्षा के लिए 27 जुलाई को बैठक होगी। सहायक महानिरीक्षक निबंधन तेज सिंह जिस तरह नए रेट लागू करने के लिए पैरवी कर रहे हैं, उससे माना जा रहा है कि यही सर्किल रेट एक अगस्त से लागू हो जाएंगे।
शहर के इन इलाकों में नौ से 13 हजार तक बढ़ा रेट
बरेली जंक्शन से जेल रोड चौराहे, जेल रोड चौराहे से चौकी चौराहा तक 10 हजार रुपये बढ़ाकर 56 हजार, चौकी चौराहे से पटेल चौक चौराहे तक 12 हजार बढ़ाकर 68 हजार रुपये, पटेल चौक से नावल्टी चौराहे तक 13 हजार रुपये बढ़ाकर 75 हजार रुपये, चौकी चौराहे से सर्किट हाउस चौराहे तक 10 हजार बढ़ाकर 56 हजार रुपये, चौकी चौराहे से गांधी उद्यान तक 12 हजार बढ़ाकर 67 हजार रुपये, सर्किट हाउस चौराहे से मुख्य डाकघर होते हुए एएससी डिपो और सर्किट हाउस चौराहे से आवास विकास कॉलोनी होते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा रीजनल ऑफिस तक नौ हजार बढ़ाकर 54 हजार रुपये, यहां से आईजी कार्यालय तक आठ हजार बढ़ाकर 48 हजार, मुख्य डाकघर से होटल रॉयल क्लासिक तक स्टेशन रोड से मिलने वाले साल्वेशन आर्मी रोड तक 50 हजार रुपये, आईजी कार्यालय से गंगाचरन अस्पताल के सामने महालक्ष्मी टॉवर तक जोड़ने वाली सड़क तक 10 हजार बढ़ाकर 58 हजार रुपये वर्ग मीटर के हिसाब से नए रेट तय किए गए हैं।
चौपुला चौराहे से सिटी स्टेशन होकर किला क्रॉसिंग तक सात हजार बढ़ाकर 40 हजार, चौपुला चौराहे से कुतुबखाना चौराहे तक 10 हजार बढ़ाकर 56 हजार, गांधी उद्यान से शहामतगंज चौराहे तक नौ हजार बढ़ाकर 54 हजार, शहामतगंज चौराहे से जाट रेजीमेंट चौराहे तक आठ हजार बढ़ाकर 45 हजार, पटेल चौक से महिला थाना होकर रामपुर बाग चौराहे से पटेल चौक तक (हिंद सिनेमा के पीछे वाली रोड) पर 10 हजार बढ़ाकर 56 हजार, रामपुर बाग चौराहे से बरेली कॉलेज तक 10 हजार बढ़ाकर 60 हजार, कलेक्ट्रेट चौराहे से ऑफिसर्स हॉस्टल तक नौ हजार बढ़ाकर 54 हजार, चौकी चौराहे से मिशन अस्पताल होते हुए चौपुला चौराहे तक नौ हजार बढ़ाकर 54 हजार, बियाबानी कोठी से राधेश्याम एन्क्लेव होते हुए बरेली-शाहजहांपुर रोड को मिलाने वाले दोनों मार्ग तक आठ हजार बढ़ाकर 48 हजार, चौकी चौराहे से संजय कम्युनिटी हॉल होते हुए बरेली कॉलेज तक 10 हजार बढ़ाकर 60 हजार, कलेक्ट्रेट चौराहे से एसएसपी ऑफिस होते हुए सर्किट हाउस चौराहे तक नौ हजार बढ़ाकर 51 हजार रुपये वर्ग मीटर रेट तय किए गए हैं। कलेक्ट्रेट चौराहे से रजिस्ट्री ऑफिस होते हुए जिला जेल तक नौ हजार बढ़ाकर 51 हजार, नॉवल्टी चौराहे से घंटाघर कुतुबखाना तक 12 हजार बढ़ाकर 72 हजार, बारादरी थाने से संजयनगर श्मशान भूमि तिराहे तक 10 हजार बढ़ाकर 52 हजार, सेटेलाइट चौराहे से बजरंग ढाबे तक पीलीभीत रोड पर छह हजार बढ़ाकर 36 हजार रुपये वर्ग मीटर के रेट प्रस्तावित किए गए हैं।
पटेल चौक से नावल्टी चौराहे तक अब एक लाख से ज्यादा के रेट
एकल से भिन्न वाणिज्यिक संपत्तियों में दुकान, गोदाम और कारपेट एरिया के नए रेट भी काफी बढ़े हैं। पटेल चौक से हनुमान मंदिर होकर नॉवल्टी चौराहे तक दुकान, कार्यालय और गोदाम 16 हजार, 15 हजार, 15 हजार बढ़ाकर 1.21 लाख, 1.15 लाख और 1.10 लाख रुपये वर्ग मीटर तय की है। सिविल लाइंस, रामपुर बाग, फाल्तूनगंज, बिहारीपुर सिविल लाइंस, शहामतगंज, कटरा चांद खां, सूफी टोला, सेमलखेड़ा, खुर्रम गौटिया, आजमनगर, नौमहला, सिकलापुर, कालीबाड़ी, जुल्फिकार गंज, रबड़ी टोला, कांकर टोला, माधोबाड़ी, हजियापुर, शाहदाना कालोनी, मॉडल टाउन, बाग ब्रिगटान, गंगापुर, बांसमंडी, नरकुलागंज, सैलानी, नवादा शेखान, बुखारपुरा, नवादा शेखान, सराय खाम आदि क्षेत्रों में दुकान, कार्यालय और गोदाम खरीदने के लिए आठ से 12 हजार तक रेट बढ़ाए गए हैं।
ये भी पढ़ें-
