बरेली: प्यार के लिए तोड़ दिया मकान का ख्वाब, जानें पूरा मामला
बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर ब्लाक क्षेत्र में एक महिला पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के तहत मिली पहली किस्त लेकर प्रेमी के साथ फरार हो गई, जबकि एक अन्य महिला पहली किस्त आने से पहले प्रेमी के साथ चली गई। जानकारी मिलन पर उसकी पहली किस्त रोक दी गई, मगर जो महिला सरकारी रकम लेकर चली गई है, उसका पति तनाव में है, क्योंकि मकान का निर्माण शुरू न होने पर विभाग उसे नोटिस भेजेगा। उससे रुपये की वसूली भी की जा सकती है।
पीडी तेजवंत सिंह ने बताया कि फरीदपुर के गांव नवदिया कल्यानपुर में पीएम आवास की पहली किस्त 40 हजार खाते में पहुंचने के बाद महिला पति को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई। इसी ब्लाक के एक अन्य गांव भीकमपुर की महिला ने भी ऐसा ही किया है। हालांकि, समय रहते जानकारी होने पर उसकी किस्त रोक दी गई। दोनों महिलाओं के पतियों ने अब कोई भी किस्त पत्नियों के खाते में न डालने का अनुरोध ब्लाक मुख्यालय के अफसरों से किया है।
पैसा निकालकर काम शुरू न करने वाले काली सूची में डाले जाएंगे
पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत जिले में 7397 लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त भेजी जा चुकी है।पीडी के मुताबिक खाते से पैसा निकालने वाले और काम शुरू नहीं करने वालों को नोटिस भेजे जाएंगे। काम शुरू न होने पर सरकारी पैसे की वसूली की जाएगी। ऐसे लोगों को काली सूची में डाला जाएगा।
ये भी पढे़ं- बरेली: मोहर्रम में पड़ रही मांस की जरूरत, दुकानें खुलवाए प्रशासन
