कृषि यंत्रीकरण घोटाला: शासन करेगा घोटालेबाजों पर कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। कृषि विभाग की फार्म मशीनरी बैंक और कस्टम हायरिंग सेंटर योजनाओं में करोड़ों के गोलमाल की जांच रिपोर्ट पर अब सीडीओ जग प्रवेश ने भी मुहर लगा दी है। जांच में तत्कालीन उपनिदेशक कृषि के साथ पटल के बाबू और टेक्निकल असिस्टेंट को घोटाले का दोषी बताया गया है। इन पर कार्रवाई की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट निदेशक कृषि विभाग और संयुक्त कृषि निदेशक बरेली को भेजी है।
घोटाला 2020-21 और 2021-22 में हुआ था। दोनों योजनाओं का लाभ गिने चुने लोगों को देने पर बहेड़ी के सपा विधायक अताउर रहमान और पूर्व ब्लॉक आदेश यादव ने शासन में शिकायत की थी। इसके बाद डीएम ने अप्रैल में तत्कालीन डीसी मनरेगा गंगाराम वर्मा और एसडीएम बहेड़ी अजय उपाध्याय को संयुक्त रूप से जांच सौंपी थी।
अधिकारियों ने जांच के लिए रिकॉर्ड मांगे तो घोटाले में फंसे बाबू शिव कुमार ने सांसद-विधायक से सिफारिश कराना शुरू कर दी थी। सीडीओ के मुताबिक जांच रिपोर्ट में तत्कालीन उपनिदेशक कृषि के साथ बाबू शिवकुमार और टेक्निकल असिस्टेंट नीपेंद्र को दोषी बताया है। इन पर कार्रवाई की संस्तुति कर रिपोर्ट शासन में भेजी है। लिहाजा, अब शासन स्तर से ही इस मामले में कार्रवाई को लेकर अग्रिम निर्णय लिया जाएगा।
ये भी पढे़ं- बरेली: सीलिंग की जमीन पर कब्जा कर बेचे जा रहे प्लॉट
