Kanpur Bus Accident: अनियंत्रित रोडवेज बस सब्जी की दुकान में घुसी, बाल-बाल बचे दुकानदार, पुलिस ने चालक को पकड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में अनियंत्रित रोडवेज बस सब्जी की दुकान में घुसी।

कानपुर के चकेरी थानाक्षेत्र में अनियंत्रित रोडवेज बस सब्जी की दुकान में घुस गई। जिससे दुकानदार बाल-बाल बच गए। पुलिस ने चालक को पकड़ लिया।

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में रामादेवी चौराहे पर अनियंत्रित रोडवेज बस एक सब्जी की दुकान में जा घुसी। जिससे दुकान के बाहर खड़ी बाइक, लोहे की सीढ़ी समेत दुकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान तीन लोग बाल-बाल बच गए। घटना में सारी सब्जियां बर्बाद हो गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बस चालक को हिरासत में ले लिया। 

शनिवार शाम फतेहपुर डिपो की बस अहिरवां की तरफ से रामदेवी चौराहे की ओर आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस से एक बाइक सवार को टक्कर लग गई। जिसमें विवाद होने लगा। तभी मौके पर पहुंचे यातयात सिपाहियों ने विवाद को शांत कराया। बस में सवार करीब आधा दर्जन सवारी विवाद के चलते उतर गईं। इसके बाद पुलिस ने चालक को बस किनारे लगाने को कहा। अचानक चालक से बस बैक हो गई।

तभी बस के पीछे खड़े राहगीरों को यातायात सिपाही अनिलेश यादव ने बताया। इसके बाद बस को चौराहे पर पुल के नीचे लगवाया। अचानक चालक ने एक्सीलेटर पर पैर रख दिया। जिससे बस तेज रफ्तार में सामने शिवदत्त की मार्केट की तरफ आने लगी। तभी मार्केट में सब्जी की दुकान लगाए मामा-भांजे सरसौल निवासी राकेश और सफीपुर निवासी प्रदीप व महिला कैलाश नगर निवासी कुसुमा गुप्ता सब्जी छोड़ भागने लगे। फिर बस ने दुकान में टक्कर मार दी।

जिससे दुकान के बाहर खड़ी एक बाइक, लोहे की सीढ़ी समेत दुकान का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही दुकान में रखी सब्जी भी बर्बाद हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। साथ ही पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया और बस को क्रेन से हटवाया। वहीं चालक ने अपना नाम बांदा बबेरू निवासी राम औतार ने बताया कि अचानक चक्कर आ जाने वह स्टेरिंग पर गिर पड़ा और एक्सीलेटर दब गया। इस घटना के संबंध में थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने फोन नहीं उठाया।

संबंधित समाचार