Auraiya News : BSF में तैनात जवान के बिधूना के सूने मकान में चोरी, लगातार वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश
औरैया में बीएसएफ में तैनात जवान के मकान में चोरी।
इंदौर में बीएसएफ में तैनात जवान के औरैया के बिधूना स्थित सूने मकान में चोरों ने धावा बोला। चोर नगदी, जेवरात समेत 40 लाख का माल पार कर ले गए।
औरैया, अमृत विचार। इंदौर में बीएसएफ में तैनात जवान के बिधूना स्थित सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लगभग 40 लाख रुपए के जेवरात व नगदी पार कर दिये। पीड़ित के भाई ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने जल्द अतिशीघ्र घटना का खुलासा किये जाने का आश्वासन दिया है। बढ़ती चोरी की घटनाओं से नगर एवं क्षेत्र में भय तथा असुरक्षा का माहौल है।
गांव बिखरा के सामने धर्मकांटा पर बैटरी, इन्वर्टर, नगदी आदि सहित लाखों रुपए की चोरी की घटना का अभी खुलासा भी नहीं हुआ था कि शनिवार की रात्रि रावतपुर में चोरों ने बीएसएफ जवान के सूने मकान का ताला तोड़कर जेवरात, नगदी सहित लगभग 40 लाख रुपये से अधिक की चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रावतपुर निवासी कौशलेंद्र सिंह पुत्र रणजीत सिंह बीएसएफ जवान है। जिसकी वर्तमान में मध्य प्रदेश के इंदौर में तैनाती है। कौशलेंद्र का गांव में अलग मकान है और वह व उसका परिवार अक्सर गांव आता जाता रहता है। शेष समय मकान में ताला बंद रहता है। बीती रात्रि चोरों ने मकान का ताला तोड़कर उसमें घुसकर सभी छह कमरों व उनमें रखी अलमारी बक्सा आदि के ताला तोड़कर जेवरात, नगदी व कपड़े आदि लगभग चालीस लाख रुपए से अधिक की चोरी कर ले गये।
कौशलेंद्र के भाई नरेश सिंह ने बताया कि वह सुबह जब उठे और बाहर आकर देखा तो भाई के मकान का ताला टूटा था। जिसके बाद अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों, अलमारी व बक्सा आदि के भी ताला टूटे व सामान बिखरा पड़ा था। उसने इस घटना की जानकारी अपने भाई समेत पुलिस को दी। बताया कि भाई के मकान से दो हार, आठ चूड़ियां, छह अंगूठी, एक जंजीर लेडीज, दो जंजीर बच्चों की (सभी सोने की), एक जोड़ी पायल, एक करधनी, आठ सिक्का (सभी चांदी के) के अलावा महंगे कपड़े एवं अन्य सामान चोर ले गये हैं।
बताया कि सामान का पूरा डिटेल भाई के आने के बाद ही पता चलेगा। उधर, चोरी की घटना की जानकारी होते ही सीओ अशोक कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे। कुछ समय बाद फोरेंसिक टीम के साथ अपर पुलिस अधीक्षक दिगम्बर कुशवाहा भी मौके पर पहुंच गये। जिन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाये। अपर पुलिस अधीक्षक दिगम्बर सिंह कुशवाहा ने कहा घटना के अतिशीघ्र अनावरण के लिए कोतवाली पुलिस को कड़े निर्देश दे दिए गए हैं। घटना का अतिशीघ्र खुलासा किया जायेगा।
