शाहजहांपुर: आत्महत्या को उकसाने के मामले में मुख्य आरोपी को भेजा जेल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खुटार/ शाहजहांपुर, अमृत विचार। युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को उसे जेल भेज दिया गया।
क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि उसकी 18 वर्षीय पुत्री का पड़ोसी गांव नवदिया ओरीलाल के रहने वाले दिनेश कुमार से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

इसी दौरान दिनेश कुमार ने पुत्री सीता के अश्लील फोटो खींच लिए और वीडियो बना लिया। आरोपी फोटो और वीडियो को लेकर अक्सर पुत्री को परेशान कर ब्लैकमेल करने लगा था। इसमें आरोपी दिनेश कुमार का साथ उसका छोटा भाई और पिता परमेश्वर दीन, मुन्नी देवी पत्नी रामपाल देते थे।

पुत्री की शादी जहां तय करने जाते तो आरोपी फोटो और वीडियो भेज देता था। जिससे पुत्री की शादी कई बार टल चुकी थी। 19 जुलाई को दोपहर एक बजे पुत्री सीता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के समय वह खेत पर काम करने गई थी और उसका पति जालौन में मजदूरी करने गया हुआ था।

आरोपियों ने पुत्री को काफी परेशान किया था। जिससे यह कदम उठाया। 20 जुलाई को पुलिस ने आरोपी दिनेश कुमार, उसका छोटा भाई, परमेश्वरदीन, मुन्नी देवी के खिलाफ आत्महत्या उकसाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। मुखबिर की सूचना पर रविवार को करीब साढ़े ग्यारह बजे पुलिस ने मुख्य आरोपी दिनेश कुमार को पकड़ लिया। इसके बाद उसे थाने ले आई। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया है। इसके अलावा पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

ये भी पढ़ें - मणिपुर की घटना के विरोध में रांची में बनाई गई मानव शृंखला 

संबंधित समाचार