भाजपा के शासन में ठगा गया पिछड़ा समाज : वीरेंद्र चौधरी
अमृत विचार, उरई/जालौन । कांग्रेस के जातीय जनगणना और ओबीसी आरक्षण बढ़ाओ मंडल सम्मेलन में संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा वैचारिक तौर पर पिछड़ी जातियों की विरोधी है। संघ परिवार हमेशा आरक्षण और सामाजिक न्याय को ख़त्म करने के लिए गिरोहबंदी करता रहा है। भाजपा ने सिर्फ़ पिछड़े समाज का ठगने का काम किया है।
शहर के एक मैरिज गार्डन में समारोह आयोजित हुआ। इसमें अतिथियों का जोरदार स्वागत हुआ। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि पिछड़े दबे कुचले समाज को एकजुट होने की जरूरत बताई। विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी ने भारतीय इतिहास का सबसे क्रांतिकारी मुद्दा उठाया है कि 50 फ़ीसदी आरक्षण की सीमा समाप्त की जाए और ओबीसी समाज का आरक्षण बढ़ाया जाए।
सम्मेलन में अपनी बात रखते हुए कांग्रेस संगठन सचिव अनिल यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की चार राज्यों में सरकार है, जिसमें से तीन मुख्यमंत्री ओबीसी समाज से हैं। पूरे देश में ओबीसी समाज के हित के लिए कांग्रेस संघर्ष कर रही है। कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय संयोजक राहुल राय ने सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि मोदी-योगी सरकार में हुई भर्तियों में ओबीसी समाज के युवाओं का हक़ मारा गया है। ओबीसी समाज का उत्पीड़न चरम पर है। लोकसभा के चुनाव में भाजपा को करारा जवाब दिया जाएगा। सम्मेलन में पांच प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपांशु समधिया, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला खाबरी, भगवान सिंह यादव, कमल दोहरे, पुष्पेंद्र प्रजापति, कैलाश विश्वकर्मा, मुन्ना प्रजापति, भिखारी प्रजापति, भगवानदास याज्ञिक, लोकेंद्र यादव, रामभरोसे कुशवाहा, राजीव नारायण मिश्रा, महेंद्र पाल आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - हमीरपुर : बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे गोदाम में लगी भीषण आग
