बरेली: विद्युत वितरण निगमों के उपभोक्ताओं पर 21 हजार करोड़ फंसे पर वसूलने वाला कोई नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विद्युत वितरण निगमों की हालत खराब, प्रशासन भी मौन, 21 हजार करोड़ कौन वसूले

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के चारों विद्युत वितरण निगम लाखों उपभोक्ताओं से हजारों करोड़ की धनराशि वसूल नहीं कर पाए हैं। सभी जिलों में राजस्व वसूली में भारी कमी होने से सरकार पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। वसूली कराने में विफल मध्यांचल, पूर्वांचल, दक्षिणांचल और पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगमों के अधिकारियों ने लाखों उपभोक्ताओं की आरसी जारी की।

आरसी जारी होने के बाद पहले विद्युत निगम के अधिकारियों की लापरवाही सामने आई, अब जिलों में प्रशासन की अनदेखी। करीब राज्य भर में 21 हजार करोड़ रुपये की धनराशि वसूल होनी हैं। जिलों में वसूली पर ध्यान नहीं देने का मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने संज्ञान लिया है। 14 जुलाई को उन्होंने सभी जिलों के डीएम और 18 मंडलों के आयुक्तों को चिट्ठी लिखते हुए वसूली कराने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

बरेली मंडल में 32 अरब 37 करोड़ 8 लाख बकाया
बरेली मंडल के जिलों की स्थिति भी बेहद खराब है। आरसी जारी होने के बाद धनराशि वसूलने के प्रयास नहीं हो रहे हैं। बरेली में 2985 करोड़ 71 लाख, बदायूं में 145 करोड़ 99 लाख, शाहजहांपुर में 83 करोड़ 26 लाख, पीलीभीत में 22 करोड़ 84 लाख रुपये की वसूली होनी है।

यहां इतनी धनराशि होनी है वसूल
लखीमपुर खीरी में 154 करोड़ 77 लाख, मुरादाबाद में 72 करोड़ 61 लाख, रामपुर में 120 करोड़ 28 लाख, संभल में 114 करोड़ 7 लाख, बिजनौर में 241 करोड़ 14 लाख, हरदोई में 44 करोड़ 66 लाख, लखनऊ में 460 करोड़ 99 लाख, कानपुर देहात में 322 करोड़ 86 लाख और कानपुर नगर में 638 करोड़ 55 लाख, प्रयागराज में 935 करोड़ 19 लाख, रायबरेली में 98 करोड़ 59 लाख, सीतापुर में 1534 करोड़ 49 लाख, वाराणसी में 263 करोड़ 49 लाख, आगरा में 1887 करोड़ 88 लाख, अलीगढ़ में 450 करोड़ 69 लाख, अमरोहा में 94 करोड़ 9 लाख, अयोध्या में 30 करोड़ 42 लाख रुपये की वसूली होनी है।

गलत नाम-पते से जारी की आरसी, 3836 करोड़ फंसे
चारों विद्युत वितरण निगमों के अधिकारियों की लापरवाही ऐसी है कि 3836 करोड़ रुपये वसूल कराने के लिए उपभोक्ताओं के गलत नाम-पते पर आरसी जारी कर दी गईं। इससे मोटी रकम फंस गई है। नाम-पते गलत समेत अन्य खामियां मिलने पर 70 जिलों में प्रशासन ने लाखों उपभोक्ताओं की आरसी संबंधित विद्युत वितरण निगमों को वापस की हैं।

इन जिलों में वापस की गईं आरसी
बरेली में 60 करोड़ एक लाख, बदायूं में 19 करोड़ 62 लाख, मुरादाबाद में 63 करोड़ 52 लाख, रामपुर में 11 करोड़ 72 लाख, पीलीभीत में 4 करोड़ 27 लाख, शाहजहांपुर में 6 करोड़ 83 लाख, आगरा में 919 करोड़ 83 लाख, अमेठी में 48 करोड़ 52 लाख, अमरोहा में 36 करोड़ 64 लाख, आजमगढ़ में 73 करोड़ 21 लाख, बलिया में 29 करोड़ 43 लाख, बिजनौर में 32 करोड़ 11 लाख, एटा में 19 करोड़ 61 लाख, गोरखपुर में 67 करोड़ 6 लाख, कानपुर देहात में 16 करोड़ 93 लाख, महोबा में 673 करोड़ 15 लाख, लखनऊ में 5 करोड़ 7 लाख, मेरठ में 103 करोड़ 89 लाख, प्रयागराज में 9 करोड़ 41 लाख की आरसी जिला प्रशासन ने विद्युत वितरण निगमों को लौटाई हैं।

ये भी पढ़ें- बरेली: अमृत विचार के दिवंगत इलेक्ट्रिकल इंजीनियर प्रमोद के परिवार को आर्थिक सहायता

संबंधित समाचार