बरेली: श्रावण माह के तीसरे सोमवार को भोले के जयकारों से गुंजायमान हुई नाथ नगरी, मंदिरों में उमड़ा भक्तों का रेला
बरेली, अमृत विचार। नाथ नगरी श्रावण माह के दूसरे सोमवार को शिवमयी हो गई। सुबह से ही शहर के शिव मंदिरों में भगवान शंकर के भक्तों का रेला देखा गया। वहीं सुबह से ही कांवड़ियों की भीड़ सड़कों पर नजर आई। भगवान शंकर के जयकारों से आकाश गुंजायमान हो गया। शहर के अलखनाथ, मढ़ीनाथ, वनखंडी नाथ समेत सभी मंदिरों पर सुबह से ही भीड़ देखी गई। ॐ नमः शिवाय, जय शिव शंकर, भोले के जयकारों से माहौल शिवमय हो गया।
जगह-जगह हुआ भंडारे का आयोजन
शहर के कई मंदिरों में भंडारे का आयोजन किया गया। लोग जल, फल आदि की सेवा करते हुए नजर आए। वहीं कांवड़ियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप भी लगाया गया।
दुकानों पर खरीदारी करते नजर आए बच्चे
सोमवार को मंदिरों पर मेले जैसा माहौल हो गया। दर्शन करने आने वाले भक्तों के साथ आए बच्चे दुकानों पर खरीदारी करते नजर आए। खिलौनों की दुकानों पर भारी संख्या में बच्चे नजर आए।
मंदिरों में भारी संख्या में रही पुलिस फोर्स तैनात
रविवार को हुए हंगामे के बाद शहर की पुलिस चौकस नजर आई। सभी मंदिरों के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिरों पर भी पुलिस ड्यूटी करती हुई देखी गई। इस दौरान भीड़ को संभालते हुए भी पुलिस को देखा गया।
मंदिरों में हुए पौधों का वितरण
शहर के सभी नाथ मंदिर में पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को पौधे भेंट किए गए ताकि लोग पौधरोपण कर प्रकति के पर्यावरण के संगरक्षण में अपनी अहम भूमिका निभाते रहें। इस दौरान बनखंडी नाथ मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को पौधे वितरित किए गए। वन राज्य मंत्री डॉ अरुण कुमार, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, डीएम शिवाकांत द्विवेदी, एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने जोगी नवादा बाबा वनखंडी नाथ मंदिर पर पूजा करने आये श्रद्धालुओं को पौधे वितरित किये।
ये भी पढ़ें- बरेली: सत्यापन और अभियान चलते रहे...फिर भी शत्रु संपत्ति पर हो गया कब्जा
