अमेठी: लापता हुई चार नाबालिक बच्चियों को पुलिस ने रामबाग रेलवे स्टेशन से किया बरामद, 12 जुलाई को हुई थीं गायब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार/अमेठी। कोतवाली क्षेत्र में 12 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई एक ही परिवार की चार नाबालिक बच्चियों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। प्रयागराज के रामबाग रेलवे स्टेशन से बरामद चारों बच्चियों को पुलिस ने उनके परिजनों को सौप दिया हैं। बच्चियों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने अमेठी पुलिस के काम की प्रसंशा की है। पूरा मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पीछे का है। जौनपुर के केराकत तहसील के रहने वाला कमलेश बनवासी अपने परिवार के साथ रहता है।

बीते 12 जुलाई को लकड़ी बिनने गई कमलेश के घर की चार बच्चियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। कई दिन ढूंढने के बाद भी जब बच्चियां नहीं मिली तो पीड़ित कमलेश की तहरीर पर 18 जुलाई को अमेठी कोतवाली में धारा 363 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। मुकदमा दर्ज करने के बाद अमेठी कोतवाली पुलिस ने तीन टीमें बनाकर बच्चियों की तलाश में लखनऊ, रायबरेली, सुल्तानपुर, बाराबंकी, प्रतापगढ़ और प्रयागराज के लिए रवाना हो गई थी।

अमेठी कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक रामचेत यादव, हमराही अमृत लाल यादव, कांस्टेबल आनंद वर्मा और महिला कांस्टेबल रेनू चौहान ने चारों बच्चियों को प्रयागराज के रामबाग रेलवे स्टेशन पर बरामद किया। बच्चियों के मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस लेते हुए चारों बच्चियों को उनके परिजनों को सौंप दिया। चारों बच्चियों के सकुशल मिलने पर पिता कमलेश ने अमेठी कोतवाली की प्रसंशा करते हुए आभार व्यक्त किया है।

यह भी पढ़ें:-Gyanvapi Survey: ज्ञानवापी मस्जिद का ASI सर्वे शुरू, 'टीम 30' नींव से लेकर दीवारों तक की करेगी सैंपलिंग

संबंधित समाचार