शाहजहांपुर: मानसिक मंदित युवक ने पुल से गोमती नदी में लगाई छलांग, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खुटार/शाहजहांपुर, अमृत विचार। गुटैया गोमती नदी के पुल की रेलिंग पर खड़े होकर मानसिक मंदित ने नदी में छलांग लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। गोताखोरों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बरामद किया।

शव के मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थाना पुवायां क्षेत्र के गांव दियुरिया कॉलोनी निवासी प्रेम कुमार का पुत्र 19 वर्षीय संदीप कुमार का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। उसका शाहजहांपुर के मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉक्टर के यहां से इलाज चल रहा था। रविवार शाम वह खाना खाने के बाद अपनी दवा खाकर घर के बाहर चारपाई पर सो गया था।

सोमवार सुबह तीन बजे वह साइकिल से गोमती पुल पर पहुंचा। जहां उसने पुल पर साइकिल व अपनी चप्पले निकालकर रख दी। इसके बाद पुल की रेलिंग पर खड़े होकर पानी में छलांग लगा दी। उधर, परिजनों को संदीप चारपाई पर नहीं मिला, तो परिजन इधर-उधर तलाश करने निकल गए।

गोमती पुल के किनारे झोपड़ी डालकर रह रहे लोगों ने देखा कि पुल के बीचो बीच एक साइकिल खड़ी है। इसी सूचना के आधार पर परिजन मौके पर पहुंचे और साइकिल देखी। जो संदीप की ही निकली और साइकिल के पास में ही चप्पलें भी रखी हुई थी। जिस पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।

परिजनों ने और लोगों को जानकारी दी। जिस पर लोग भी काफी संख्या में गोमती पुल पर पहुंच गए। इधर, सूचना मिलते ही खुटार पुलिस व पुवायां पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जहां दो थानों की पुलिस ने संदीप की तलाश करानी शुरू कर दी। खुटार पुलिस ने कहा कि मामला आधा पुल के दक्षिण साइड का है।

जोकि पुवायां थाना क्षेत्र में लगता है। जिस पर खुटार पुलिस वापस चली गई। पुवायां पुलिस ने गोताखोरों को मौके पर बुलाकर तलाश शुरू कराई। गोताखोरों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद संदीप का शव जाल में फंस गया। शव को बाहर निकाला गया। शव के बाहर निकलते ही मृतक के पिता प्रेम कुमार, मां सुनीता देवी, भाई कुलदीप कुमार, बहन वैशाली, रागिनी बिलख पड़े।

परिवार के सभी लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। पुवायां पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, मृतक के पिता प्रेम कुमार ने बताया कि उनका बेटा संदीप कुमार काफी समय से मानसिक रोग से ग्रस्त था।

जिसका इलाज लगातार चल रहा था। सोमवार सुबह तीन बजे वह साइकिल लेकर चला आया और नदी में कूद गया। जिससे उसकी मौत हो गई। खुटार पुवायां रोड पर निकलने वाले राहगीरों की भी भारी संख्या में भीड़ जुट गई।

एक युवक गोमती नदी में कूद गया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। गोताखोरों के जरिये शव को निकाला गया। इसके बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया गया। परिवार वालों का कहना है कि युवक मानसिक रोगी था। उसका इलाज चल रहा था।
-पंकज पंत, सीओ पुवायां

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: कच्ची शराब के लिए बदनाम गांव में पुलिस पर हमला, दरोगा समेत चार घायल

संबंधित समाचार