Banda News : हनुमान प्रतिमा से छलके आंसू तो लोगों की जुट गई भीड़, कुछ अफवाह तो कुछ बता रहे ईश्वरीय कृपा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में हनुमान प्रतिमा से छलके आंसू।

बांदा में हनुमान प्रतिमा से आंसू छलकने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, कुछ ग्रामीण अफवाह तो कुछ ईश्वरीय कृपा बता रहे है।

बांदा, अमृत विचार। नरैनी ब्लाक अंतर्गत फतेहगंज गांव स्थित प्राचीन हनुमान जी की प्रतिमा की आंख से आंसू निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीणों आनन-फानन में मंदिर परिसर में रामनाम संकीर्तन के साथ सुंदरकांड पाठ शुरू कर दिया। जानकारी मिलने पर थाना पुलिस भी गांव पहुंची और जांच की। 

बनारस और कानपुर के बाद नरैनी तहसील क्षेत्र के फतेहगंज गांव स्थित प्राचीन मंदिर में स्थापित हनुमान प्रतिमा से आंसू निकलने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, गांव में हनुमान जी का प्राचीन मंदिर है। मंदिर में आसपास के गांव में रहने वाले ग्रामीणों द्वारा पूजा पाठ की जाती है। बताया जा रहा है कि इसी मंदिर का एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

वीडियो वायरल करने वाले लोगों द्वारा यह दावा किया गया कि मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा की आंख से आंसू निकल रहे हैं। यह वीडियो रविवार रात होते-होते व्हाट्सएप पर कई ग्रुप में वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद जब ग्रामीणों को इसके बारे में जानकारी हुई तो दूर-दूर से ग्रामीण वहां हनुमान जी का दर्शन करने के लिए पहुंचने लगे। मंदिर परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी।

ग्रामीणों ने रामनाम संकीर्तन के साथ सुंदरकांड पाठ शुरू कर दिया। खबर मिलते ही थाना पुलिस गांव पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ की। कुछ ग्रामीणों ने अफवाह बताया तो काफी लोग इसे ईश्वर की कृपा बता रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि संसार में बहुत कुछ गलत हो रहा है, ऐसे में हनुमान जी काफी नाराज हैं और उनके यहां आंख से आंसू निकल रहे हैं। सोमवार की सुबह में भी काफी संख्या में ग्रामीण मंदिर में पहुंचकर दर्शन पूजन किया।

उधर, पंडित जेएन डिग्री कालेज रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष रोहित सिंह का कहना है कि मौजूदा समय में उमस भरी गर्मी का दौर चल रहा है। वातावरण में आर्द्रता भी काफी बढ़ी हुई है। प्रतिमा पर सिंदूर लगाने के चलते कभी-कभी ऐसे हालात हो जाते हैं जब पत्थर की प्रतिमा में सोखा हुआ पानी बाहर निकलता है। संभावना जताई कि वही पानी निकला होगा और ग्रामीणों से आंसू समझ रहे होंगे।

संबंधित समाचार