हाईकोर्ट के जजों को जान से मारने की धमकी, अज्ञात संदिग्धों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बेंगलुरु। कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों और अदालत के जन संपर्क अधिकारी को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में अज्ञात संदिग्धों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कर्नाटक उच्च न्यायालय के जन संपर्क अधिकारी के मुरलीधर द्वारा खुद के अलावा कई न्यायाधीशों की जान को खतरे की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद यहां अज्ञात संदिग्धों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। चौदह जुलाई को मुरलीधर की शिकायत के आधार पर केंद्रीय अपराध पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। 

शिकायत के मुताबिक मुरलीधर को 12 जुलाई की शाम करीब सात बजे उनके आधिकारिक मोबाइल फोन पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश मिला। यह संदेश दुबई के एक गिरोह द्वारा कथित तौर पर मुरलीधर और छह उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों को जान से मारने की धमकी देते हुए हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी में लिखा गया है। 

न्यायमूर्ति मोहम्मद नवाज, न्यायमूर्ति एचटी नरेंद्र प्रसाद, न्यायमूर्ति अशोक जी निजगन्नावर (सेवानिवृत्त), न्यायमूर्ति एचपी संदेश, न्यायमूर्ति के नटराजन और न्यायमूर्ति बी वीरप्पा (सेवानिवृत्त) के लिए भी यह धमकी थी। पुलिस ने कहा कि प्रथमिकी भारतीय दंड संहिता की की धारा 506, 507 और 504 और आईटी अधिनियम की धारा 75 और 66 (एफ) के तहत दर्ज की गई है। 

यह भी पढ़ें- दिल्ली: यमुना के जलस्तर में मामूली गिरावट, ‘ओल्ड रेलवे ब्रिज’ यातायात के लिए बंद

संबंधित समाचार