लखनऊ: आशियाना में कुत्ते को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
लखनऊ/ आलमबाग,अमृत विचार। आशियाना थाने में एक युवक ने कुत्ते को बेरहमी से पीटने और उसकी हत्या का आरोप लगाते हुए आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कासिमपुर, पकरी खेड़ा निवासी अंकित रावत ने बताया कि बीती 23 जुलाई की रात 11:30 बजे वह अपने प्लाट पर सो रहा था। इसी बीच उसे कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनाई पड़ी। बाहर निकलने पर उसने देखा कि पड़ोसी मुन्ना , मोहित , करन उर्फ पंडित , सन्नी उर्फ कल्लू , सूरज उर्फ गूंगा , अजय , विशाल और हर्ष समेत कुछ लोग एक कुत्ते को ईंट-पत्थरों से मार रहे हैं। अंकित ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन आरोपियों ने उसकी एक न सुनीं और कुत्ते को पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद अंकित ने फौरन पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर लौट गई। जिसके बाद पीड़ित ने आरोपितों के खिलाफ आशियाना थाने में लिखित शिकायत देते हुए मुकदमा दर्ज कराया ह। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशुक्रूरता अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय की अफगानी छात्रा पर अश्लील फोटो भेजने का लगा आरोप, सस्पेंड
