लखनऊ: निजी अस्पताल पर लगा आरोप, मौत के बाद महिला को एम्बुबैग लगाकर किया रेफर
लखनऊ,अमृत विचार। ठाकुरगंज स्थित एक निजी अस्पताल पर आरोप है कि लखीमपुर से गंभीर हालत में लाई गई महिला को भर्ती करके परिजनों से ढाई लाख रुपये की वसूली की गई। मौत होने पर उसे एम्बुबैग लगाकर बलरामपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
नाराज परिजनों ने निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी से शिकायत करने की बात कही है। लखीमपुर खीरी निवासी सीमा (28) को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने 17 जुलाई को जिले के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया था।
पति उत्तम कुमार ने बताया कि संजीवनी अस्पताल में ऑपरेशन दौरान हुई लापरवाही से बच्चे की मौत हो गई थी। जच्चा को होश नहीं आया। पति ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया था। जिसके बाद अस्पताल संचालक ने बेहतर इलाज का झांसा देकर मरीज को ठाकुरगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।
पति का आरोप है जांच व दवा के नाम पर करीब ढाई लाख रुपए वसूल लिए गए। कोई बिल भी नहीं दिया गया। सोमवार को हालत बेहद नाजुक बता कर मरीज को बलरामपुर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन करीब 12:30 बजे मरीज को लेकर पहुंचे। इमरजेंसी में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, परिजनों का कहना है कि मरीज की निजी अस्पताल में ही मौत हो गई थी। इसके बावजूद उसे एम्बुबैग लगाकर रेफर कर दिया गया।
मामला बेहद गंभीर है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि निजी अस्पताल की लापरवाही मिलती है तो कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी..., डॉ. मनोज अग्रवाल, सीएमओ।
