Kanpur Bar Association Election : जुलूस निकाला तो नामांकन स्वीकार नहीं, एल्डर्स कमेटी ने दी चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में बार चुनाव को लेकर एल्डर्स कमेटी ने चेतावनी दी।

कानपुर में बार चुनाव को लेकर एल्डर्स कमेटी ने चेतावनी दी। 150 से ज्यादा नामांकन फार्म बिके। कचहरी से पोस्टर, बैनर हटाएं वरना पांच हजार का जुर्माना लगेगा।

कानपुर, अमृत विचार। कचहरी में बार एसोसिएशन चुनाव 25 जुलाई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए सोमवार को 150 से ज्यादा नामांकन फार्म खरीदे गए। वहीं, एल्डर्स कमेटी ने नामांकन जुलूस पर रोक लगा दी है। कमेटी ने कहा कि प्रत्याशी एक प्रस्तावक और एक समर्थन के साथ नामांकन दाखिल करा सकेंगे। अगर उनके साथ जुलूस आएगा तो नामांकन स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

कचहरी में बार चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। 25 और 26 जुलाई को नामांकन किया जाएगा। इस बीच प्रत्याशियों ने बीते शनिवार और रविवार की छुट्टी का फायदा उठाकर कचहरी परिसर को पोस्टर, बैनर और स्टीकर से पाट दिया है। प्रत्याशी नामांकन जुलूस के जरिए शक्ति प्रदर्शन की तैयारी कर रहे है। कई प्रत्याशियों ने नामांकन जुलूस के पर्चें बंटवा दिए है। समर्थकों भीड़ जुटाने की तैयारी में लगे है। इसकी शिकायत एल्डर्स कमेटी को मिली है।

चेयरमैन धर्मवीर सिंह सेंगर ने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रत्याशी आचार संहिता का पूरी तरह से पालन करें। अगर प्रत्याशी और उनके समर्थक अनुशासनहीनता करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए बार काउंसिल को लिखा जाएगा। प्रत्याशी और उनके समर्थक 24 घंटे में पोस्टर, बैनर आदि को हटवा लें। वरना उन पर पांच हजार का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही किसी भी तरह के जुलूस में रोक लगाई गई है। चेयरमैन ने कहा कि अगर प्रत्याशी जुलूस निकालेंगे तो उनका नामांकन स्वीकार नहीं किया जाएगा। जुलूस को चिह्रित करने के लिए वीडियोग्राफी कराई जाएगी।

संबंधित समाचार