Kanpur में अवैध कब्जेदारों पर महापौर सख्त, प्राचीन सोमनाथ मंदिर के बहुरेंगे दिन, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में अवैध कब्जेदारों पर महापौर प्रमिला पांडेय सख्त हो गई।

कानपुर में अवैध कब्जेदारों पर महापौर प्रमिला पांडेय सख्त हो गई। प्राचीन सोमनाथ मंदिर के दिन बहुरेंगे। महापौर ने निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए।

कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर थाने से चंद कदम दूरी पर स्थित प्राचीन सोमनाथ मंदिर के दिन बहुरेंगे। मंदिर के गेट और आस-पास पर हुए कब्जों को महापौर प्रमिला पांडेय ने हटाने के निर्देश दिए हैं। यहां मंदिर के तालाब पर भी कब्जा है। जिसे महापौर ने जल्द हटाकर तालाब के पुराने स्वरूप को वापस लौटाने को भी कहा है। 

क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर सोमवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने सोमनाथ मंदिर का निरीक्षण किया। यहां पर हुए अवैध कब्जे को देखकर महापौर हैरान रह गईं। कल्याणपुर थाने से चंद कदम की दूरी पर स्थित मंदिर के प्रवेश द्वार पर दुकानदारों ने कब्जा कर लिया है। वहीं, मंदिर के पीछे तालाब की जमीन पर भी भूमाफियाओं ने मकान बना लिए। जिसे देखकर महापौर ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।

उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह मंदिर की जमीन की पैमाइश कराएं। यहां से अवैध कब्जे हटाकर मंदिर का जो तालाब था, उसे उसके पुराने स्वरूप में लाया जाए। उन्होंने कहा कि यहां पर गलत तरीके से मजार और कब्रिस्तान बना दिया गया है, जिसको जांच के बाद मंदिर को कब्जे से पूरी तरीके से मुक्त कराया जाए।

समीक्षा बैठक में मंत्री से की शिकायत

महापौर प्रमिला पांडेय निरीक्षण के बाद शहर के विकास कार्यों को लेकर बुलाई गई समीक्षा बैठक में भी शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के सामने कहा कि भूमाफियाओं ने तालाब और मंदिर के आस-पास कब्जा कर लिया। इस पर मंत्री ने जांच कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए। 

दो हजार साल पुराना है बाबा सोमनाथ मंदिर

कल्याणपुर क्षेत्र में स्थित बाबा सोमनाथ का मंदिर दो हजार साल पुराना है। यहां सावन में और शिवरात्रि पर बाबा सोमनाथ के दर्शन करने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। मंदिर की मान्यता है कि अगर यहां बाबा के पास बैठकर भक्त कुछ मांगते हैं तो बाबा वह जरूर देते हैं। लेकिन, अब यह मंदिर भूमाफियाओं से परेशान है।

संबंधित समाचार