कर्नाटक लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ने के लिए बातचीत कर रहे भाजपा और जद(एस), कांग्रेस जीतेगी 15 से 20 सीट : सिद्धारमैया

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

हुबली (कर्नाटक)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार को दावा किया कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (सेकुलर) बातचीत कर रही हैं। उन्होंने साथ ही दावा किया कि भले वे एकसाथ चुनाव लड़े या नहीं लड़े, कांग्रेस निश्चित तौर पर राज्य की 15 से 20 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। कर्नाटक में 28 लोकसभा सीटें हैं।

ये भी पढ़ें - मणिपुर हिंसा के खिलाफ मिजोरम में हजारों लोगों ने किया प्रदर्शन, मुख्यमंत्री भी हुए शामिल

लोकसभा चुनाव से पहले जद (एस) के एनडीए में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। सिद्धारमैया ने भाजपा और जद(एस) के एकजुट होने की संभावना के सवाल के जवाब में कहा, ‘‘मुझे इस चर्चा की ज्यादा जानकारी नहीं है। अगर वे एकजुट होते हैं तो भी हमें चिंता की जरूरत नहीं है।

हम (कांग्रेस) इस बार कर्नाटक में निश्चित रूप से 15-20 सीटें (लोकसभा) जीतेंगे।’’ जद (एस) नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने 21 जुलाई को कहा था कि उनकी पार्टी ने राज्य के हित में विपक्ष के रूप में भाजपा के साथ मिलकर काम करने का फैसला किया है।

भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनावों में 25 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि उसके समर्थित निर्दलीय ने एक सीट जीती थी। वहीं, कांग्रेस और जद(एस) को एक-एक सीट से ही संतोष करना पड़ा। मई में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 224 में से 135 सीट हासिल की थी, जबकि भाजपा को 66 और जद (एस) को 19 सीटें मिली थीं। 

ये भी पढ़ें - राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर किया पलटवार, कहा- प्रधानमंत्री चाहे कुछ भी कहें, ‘इंडिया’ मणिपुर में भारत की...

संबंधित समाचार